✍️ भागीरथी यादव
बिलासपुर। जिले में अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान “प्रहार” के तहत थाना कोनी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 45 लीटर कच्ची महुआ शराब के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 9 हजार रुपए मूल्य की अवैध शराब जप्त की है।
जानकारी के अनुसार, पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह के निर्देश पर जिलेभर में अवैध शराब, गांजा एवं नशीले पदार्थों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज पटेल तथा नगर पुलिस अधीक्षक कोतवाली बिलासपुर गगन कुमार के मार्गदर्शन में थाना कोनी पुलिस ने विशेष टीम गठित कर क्षेत्र में निगरानी और पेट्रोलिंग तेज कर दी थी।
पेट्रोलिंग के दौरान पुलिस टीम को ग्राम जलसो में अवैध शराब रखे जाने की सूचना मिली। कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी विशाल वर्मा पिता दिलहरण वर्मा, निवासी ग्राम जलसो, थाना कोनी को पकड़ा। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 45 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद हुई।
पुलिस ने मौके पर शराब जप्त कर आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया है।
थाना कोनी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब कारोबारियों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।
