शेयर ट्रेडिंग के नाम पर करोड़ों की साइबर ठगी का भंडाफोड़, 4 आरोपी गिरफ्तार

✍️ भागीरथी यादव

 

 

बिलासपुर साइबर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, देशभर में फैले फ्रॉड नेटवर्क के तार जुड़े

 

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ में साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल करते हुए बिलासपुर रेंज साइबर थाना पुलिस ने शेयर ट्रेडिंग में मोटे मुनाफे का लालच देकर लोगों से करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले अंतरराज्यीय साइबर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनके बैंक खातों से देश के विभिन्न राज्यों में हुए करोड़ों रुपये के साइबर अपराधों के लिंक मिले हैं।

पुलिस के अनुसार नर्मदा नगर कॉलोनी, बिलासपुर निवासी एक महिला को शेयर ट्रेडिंग में अधिक लाभ दिलाने का झांसा देकर अलग-अलग किश्तों में 17 लाख 21 हजार 100 रुपये की ऑनलाइन ठगी की गई थी। शिकायत मिलने के बाद साइबर पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण, बैंकिंग ट्रांजेक्शन और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की, जिसके बाद पूरे नेटवर्क का खुलासा हुआ।

देशभर में सक्रिय था गिरोह

जांच में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी संदीप कुमार चंद्रा उर्फ विक्की के बैंक खाते के खिलाफ गुजरात, तेलंगाना, कर्नाटक और दिल्ली सहित विभिन्न राज्यों में पांच साइबर शिकायतें दर्ज हैं। वहीं मुख्य आरोपी मुकेश कुमार दास के तीन बैंक खातों में कुल 13 साइबर फ्रॉड शिकायतें दर्ज पाई गईं।

पुलिस जांच में इन खातों से जुड़े मामलों में लगभग 8 करोड़ रुपये की संदिग्ध राशि का लेन-देन सामने आया है। इतना ही नहीं, मुकेश कुमार दास के खातों में साइबर ठगी से जुड़े करीब 10 लाख रुपये प्राप्त होने की पुष्टि भी हुई है।

लाखों रुपये की राशि होल्ड

साइबर पुलिस ने कार्रवाई के दौरान आरोपी केशव साव के एक्सिस बैंक खाते में लगभग 99 लाख रुपये तथा आरोपी शिशिर राठौर के खाते में करीब 1 लाख रुपये की राशि होल्ड कराई है। जांच में यह भी स्पष्ट हुआ कि गिरोह के सदस्य साइबर अपराध से प्राप्त रकम को विभिन्न बैंक खातों के माध्यम से स्थानांतरित कर रहे थे।

एनसीआरपी पोर्टल से मिले अहम सुराग

राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) से प्राप्त जानकारी ने जांच को नई दिशा दी। पोर्टल पर आरोपियों के खातों के खिलाफ विभिन्न राज्यों में कई शिकायतें दर्ज मिलीं, जिससे यह स्पष्ट हुआ कि गिरोह ऑनलाइन निवेश और शेयर ट्रेडिंग के नाम पर लोगों को निशाना बनाकर बड़े पैमाने पर साइबर ठगी को अंजाम दे रहा था।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में सफल ऑपरेशन

यह महत्वपूर्ण कार्रवाई पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह, नोडल अधिकारी गगन कुमार तथा थाना प्रभारी प्रसाद सिन्हा के मार्गदर्शन में संपन्न हुई। पूरे ऑपरेशन में निरीक्षक कामिल हक सहित साइबर टीम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

साइबर अपराधियों पर बड़ी चोट

बिलासपुर रेंज साइबर थाना की इस कार्रवाई को प्रदेश में साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे भी जांच जारी है और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।