✍️ भागीरथी यादव
बिलासपुर। सकरी थाना क्षेत्र में विवाहेत्तर प्रेम संबंध एक युवक की हत्या का कारण बन गया। पुलिस ने हत्या की सनसनीखेज वारदात का खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी और उसके विधि से संघर्षरत पुत्र को घटना के कुछ ही घंटों के भीतर अभिरक्षा में ले लिया।
पुलिस के अनुसार, लोरमी थाना क्षेत्र के ग्राम राम्हेपुर निवासी 30 वर्षीय दावेन्द्र कुमार बघेल का पिछले दो वर्षों से सैदा हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी निवासी रीना कामले के साथ प्रेम संबंध था। करीब एक माह पहले रीना के पति शिव कामले को इस संबंध की जानकारी मिल गई थी, जिसके बाद उसने पत्नी को दावेन्द्र से दूर रहने की हिदायत दी थी।
बताया गया कि 30 मई को दावेन्द्र रीना को नया सिम कार्ड देने सैदा पहुंचा था। इसी दौरान शिव कामले ने उसे देख लिया और अपने नाबालिग पुत्र की मदद से घर के भीतर बुला लिया। पुलिस जांच में सामने आया कि पहले दावेन्द्र को समझाने का प्रयास किया गया, लेकिन जब वह रीना से संबंध समाप्त करने के लिए तैयार नहीं हुआ तो गुस्से में आकर पिता-पुत्र ने उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी। इसके बाद प्लास्टिक की सुतली और मोबाइल के केबल तार से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी।
घटना का खुलासा तब हुआ जब मृतक के परिजनों को रीना कामले ने फोन पर जानकारी दी कि दावेन्द्र को घर में बंद कर मारपीट की जा रही है। परिजन मौके पर पहुंचे तो मकान के निचले हिस्से में ताला लगा मिला। पीछे की खिड़की से ऊपर कमरे में पहुंचने पर दावेन्द्र का शव बेड के पास पड़ा मिला।
सूचना मिलते ही सकरी पुलिस ने मर्ग और हत्या का अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज कुमार पटेल एवं नगर पुलिस अधीक्षक निमितेश सिंह परिहार के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक उमेश साहू के नेतृत्व में टीम गठित की गई।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी शिव कामले और उसके विधि से संघर्षरत पुत्र को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें दोनों ने अपराध स्वीकार कर लिया। आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड की कार्रवाई की जा रही है।
सकरी पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की क्षेत्र में सराहना हो रही है, जहां अपराध दर्ज होने के महज कुछ घंटों के भीतर पुलिस ने पूरे हत्याकांड का खुलासा कर आरोपियों को कानून के शिकंजे में पहुंचा दिया।
