श्रमिक पिता ने लिखा गीत, बेटी ने गाया… पुलिस के सम्मान में अनोखी प्रस्तुति, एसपी ने किया सम्मानित

✍️ भागीरथी यादव

 

 

धमतरी, 10 जून 2026। धमतरी पुलिस के जनसेवी कार्यों और अपराध नियंत्रण की दिशा में लगातार की जा रही प्रभावी कार्रवाई से प्रभावित होकर एक श्रमिक पिता और उसकी छात्रा पुत्री ने पुलिस के प्रति सम्मान और विश्वास का अनूठा उदाहरण प्रस्तुत किया। ग्राम नवागांव कंडेल निवासी गीतकार रविशंकर पटेल और उनकी पुत्री हर्षलता पटेल ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर धमतरी पुलिस को समर्पित गीत की प्रस्तुति दी, जिसकी सभी ने मुक्तकंठ से सराहना की।

पेशे से श्रमिक रविशंकर पटेल द्वारा जनसेवा, कर्तव्यनिष्ठा और समाज के प्रति पुलिस के समर्पण को केंद्र में रखकर गीत की रचना की गई थी। इस गीत को उनकी पुत्री हर्षलता पटेल ने पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार के समक्ष मधुर और भावपूर्ण स्वर में प्रस्तुत किया। गीत में पुलिस की सेवा भावना, कानून-व्यवस्था बनाए रखने में उसकी भूमिका, आमजन की सुरक्षा तथा समाज में पुलिस की सकारात्मक छवि का प्रेरणादायी वर्णन किया गया।

हर्षलता की प्रस्तुति ने उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों को भावविभोर कर दिया। सभी ने उसकी गायन प्रतिभा, आत्मविश्वास और संगीत के प्रति समर्पण की सराहना की।

 

रविशंकर पटेल ने बताया कि धमतरी पुलिस द्वारा अवैध शराब, गांजा तस्करी, जुआ-सट्टा और चाकूबाजी जैसे अपराधों के विरुद्ध लगातार की जा रही सख्त कार्रवाई से प्रेरित होकर उन्होंने जनजागरूकता और पुलिस के जनहितकारी कार्यों पर आधारित गीतों की रचना की है। इसी उद्देश्य से उन्होंने अपनी पुत्री के साथ एसपी कार्यालय पहुंचकर गीत समर्पित किए।

उनके इस प्रेरणादायी प्रयास से प्रभावित होकर पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार ने रविशंकर पटेल और हर्षलता पटेल को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने हर्षलता के उज्ज्वल भविष्य, निरंतर प्रगति और सफलता के लिए शुभकामनाएं भी दीं।

एसपी परिहार ने कहा कि कला और साहित्य समाज को जोड़ने का सशक्त माध्यम हैं तथा पुलिस के प्रति सम्मान और विश्वास व्यक्त करने वाली ऐसी रचनात्मक प्रस्तुतियां समाज और पुलिस के बीच सकारात्मक संवाद एवं आपसी भरोसे को और मजबूत बनाती हैं।

इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र कुमार पाण्डेय सहित अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी हर्षलता की प्रतिभा की प्रशंसा करते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।