✍️ भागीरथी यादव
धमतरी, 13 जून 2026। जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मगरलोड पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 20 लीटर कच्ची महुआ शराब का परिवहन कर रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने शराब के साथ परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त की है। कुल 22 हजार रुपये मूल्य की संपत्ति जब्त की गई है।
पुलिस अधीक्षक धमतरी के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं एसडीओपी कुरूद के मार्गदर्शन में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत थाना मगरलोड पुलिस ने ग्राम बोदल बाहरा स्थित घाट मंदिर के पास वाहन चेकिंग के दौरान संदिग्ध मोटरसाइकिल सवारों को रोककर जांच की।
तलाशी के दौरान मोटरसाइकिल में रखे दो प्लास्टिक जरीकेनों से कुल 20 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद हुई। पुलिस ने मौके से ग्राम जामली निवासी डीहूराम लहरे (30 वर्ष) और पकेश्वर लहरे (30 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 4 हजार रुपये कीमत की महुआ शराब तथा 18 हजार रुपये मूल्य की पैशन प्रो मोटरसाइकिल (CG 05 K 6320) जब्त की। इस तरह कुल 22 हजार रुपये की संपत्ति जप्त की गई।
मगरलोड थाना में आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से दोनों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
धमतरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री में संलिप्त लोगों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा तथा ऐसे मामलों में कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
