✍️ भागीरथी यादव
“सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत बड़ी सफलता, सीसीटीवी निगरानी और सुरक्षा कर्मियों की सतर्कता से टली वारदात
कोरबा, 18 जून। जिले में अपराधों पर अंकुश लगाने और औद्योगिक संस्थानों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए चलाए जा रहे “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत उरगा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अडानी पावर प्लांट में चोरी की साजिश को विफल कर दिया। पुलिस ने चोरी की नीयत से प्लांट परिसर में घुसे चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार रात पताढ़ी स्थित अडानी पावर प्लांट परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कुछ संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियां दिखाई दीं। सुरक्षा कर्मियों ने तत्काल सतर्कता दिखाते हुए संदिग्धों पर नजर रखी और घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों ने चोरी करने के उद्देश्य से परिसर में प्रवेश करने की बात स्वीकार की।
घटना की सूचना मिलते ही उरगा पुलिस मौके पर पहुंची और चारों आरोपियों को हिरासत में लेकर कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने मामले में अपराध क्रमांक 346/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की धारा 331(4) एवं 3(5) के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया।
गिरफ्तार आरोपी
कुंदन कुमार श्रीवास उर्फ दाऊ (20 वर्ष), तिलकेजा
सोमेंद्र कुमार कर्ष उर्फ अप्पी (24 वर्ष), खैरभांठ (तिलकेजा)
शिवकुमार श्रीवास उर्फ शिव (26 वर्ष), संजय नगर अकलतरा, हाल मुकाम कुदरूमाल
संपत कुमार धीवर (20 वर्ष), कलमीभांठ (तिलकेजा)
पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
सुरक्षा व्यवस्था बनी अपराधियों के लिए चुनौती
इस कार्रवाई ने एक बार फिर साबित कर दिया कि औद्योगिक क्षेत्रों में मजबूत सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी और सुरक्षा कर्मियों की सजगता अपराध रोकने में अहम भूमिका निभाती है। कोरबा पुलिस ने नागरिकों से भी अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके।
उरगा पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से अडानी पावर प्लांट में संभावित बड़ी चोरी की वारदात टल गई और चार आरोपी सलाखों के पीछे पहुंच गए।
