✍️ भागीरथी यादव
कोरबा, 27 जून 2026। जिले में अवैध खनन, परिवहन और भंडारण पर शिकंजा कसते हुए खनिज विभाग ने शनिवार को बड़ा अभियान चलाया। कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देश और उप संचालक, खनि प्रशासन के मार्गदर्शन में गठित चार विशेष जांच दलों ने जिले के 14 से अधिक संवेदनशील स्थानों पर एक साथ छापेमारी कर सघन जांच की।

अभियान के दौरान सीतामढ़ी, बरमपुर, कपाटमुड़ा, सरईसिंगार, कुचना मोड़, बरबसपुर, कटबिटला, भैसामुड़ा, राहडी, मुनगड़ी, आमाखोखरा, कसानिया, लखनपुर और धवईपुर सहित कई क्षेत्रों में जांच की गई। कार्रवाई के दौरान बरमपुर और पाली क्षेत्र में अवैध रूप से रेत का परिवहन करते पाए गए एक टीपर और एक ट्रैक्टर को जब्त किया गया। दोनों वाहनों को सुरक्षा की दृष्टि से क्रमशः हरदीबाजार थाना और पाली थाना की अभिरक्षा में रखा गया है।
खनिज विभाग ने बताया कि अभियान का उद्देश्य जिले में अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण पर प्रभावी रोक लगाना, प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण करना तथा शासन को होने वाले राजस्व नुकसान को रोकना है। विभाग द्वारा खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम 1957, छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम 2015 एवं अन्य वैधानिक प्रावधानों के तहत दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जा रही है।
विभाग ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि जिलेभर में अवैध खनन के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा। अब निगरानी के लिए ड्रोन कैमरों का भी उपयोग किया जाएगा, जिससे अवैध गतिविधियों पर और अधिक प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
