सेवा सहकारी समिति सि. नवापारा में सहकारिता सप्ताह का भव्य आयोजन, ध्वजारोहण के साथ किसानों को दी गई योजनाओं की जानकारी

 

सुशील जायसवाल

पोड़ी उपरोड़ा (नवापारा)।

 

पोड़ी उपरोड़ा विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत सि. नवापारा स्थित नवीन सेवा सहकारी समिति मर्यादित पंजीयन क्रमांक-382 में सोमवार, 29 जून को सहकारिता सप्ताह का आयोजन उत्साह और गरिमामय वातावरण में किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत ध्वजारोहण एवं सहकारिता के सिद्धांतों के स्मरण के साथ हुई। इस अवसर पर समिति परिसर में बड़ी संख्या में किसान, जनप्रतिनिधि एवं समिति के कर्मचारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जनपद सदस्य एवं सभापति भारत सिंह सिदार ने उपस्थित किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि सहकारी समितियां ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं। किसानों को खाद, बीज, ऋण और विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराने में सहकारी समितियों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने किसानों से सहकारिता आंदोलन को और अधिक मजबूत बनाने तथा समितियों से जुड़कर सरकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने की अपील की।

 

इस अवसर पर ग्राम पंचायत सि. नवापारा की सरपंच श्रीमती रीता बाई एवं उनके प्रतिनिधि कृष्णा कुमार ने कहा कि सहकारिता की भावना गांवों के विकास का आधार है। किसानों की आर्थिक उन्नति और आत्मनिर्भरता के लिए सहकारी समितियों का सशक्त होना आवश्यक है।

 

कार्यक्रम में ग्राम पंचायत घोसरा की सरपंच शाम बाई बिंझवार एवं उनके प्रतिनिधि मनोहर सिंह बिंझवार ने भी किसानों को संबोधित करते हुए सहकारिता के महत्व पर प्रकाश डाला और किसानों को एकजुट होकर समिति के माध्यम से संचालित योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।

 

समिति के प्रबंधक आनन्द कौशिक ने सहकारिता सप्ताह के उद्देश्य, समिति की उपलब्धियों तथा किसानों को मिलने वाली सुविधाओं की विस्तृत जानकारी दी। वहीं कृषि विस्तार अधिकारी मनीष डिक्सेना ने किसानों को कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं, उन्नत खेती, फसल प्रबंधन, बीज एवं उर्वरकों के समुचित उपयोग तथा कृषि उत्पादन बढ़ाने के उपायों की जानकारी प्रदान की।

 

कार्यक्रम के दौरान किसानों ने भी अपनी समस्याएं एवं सुझाव रखे, जिनके निराकरण का आश्वासन अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा दिया गया। सहकारिता सप्ताह के इस आयोजन ने ग्रामीण क्षेत्र के किसानों में नई ऊर्जा और जागरूकता का संचार किया।

 

कार्यक्रम में क्षेत्र के बड़ी संख्या में किसान, समिति के कर्मचारी, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। पूरे आयोजन का माहौल उत्साहपूर्ण और प्रेरणादायी रहा तथा अंत में सभी ने सहकारिता की भावना को मजबूत बनाने और किसानों के हित में मिल-जुलकर कार्य करने का संकल्प लिया।