बड़ी खबर: दर्री CSEB बिजली कार्यालय खुद जर्जर, उपभोक्ताओं की समस्याओं का समाधान कैसे होगा?

✍️ भागीरथी यादव

 

 

टूटी छत, उखड़ा फर्श, लटकते बिजली के तार और बदहाल भवन से हर दिन गुजर रहे कर्मचारी व उपभोक्ता, सुरक्षा पर उठे गंभीर सवाल

 

कोरबा/दर्री। दर्री स्थित CSEB बिजली विभाग के कार्यालय की हालत बेहद जर्जर और चिंताजनक बनी हुई है। कार्यालय भवन की छत जगह-जगह से क्षतिग्रस्त है, फर्श उखड़ चुका है, दीवारों में दरारें दिखाई दे रही हैं तथा बिजली के तार खुले और लटकते नजर आ रहे हैं। ऐसे हालात में यहां काम करने वाले कर्मचारियों और अपनी शिकायत लेकर आने वाले उपभोक्ताओं की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।

मौजूदा स्थिति को देखकर ऐसा प्रतीत होता है कि भवन लंबे समय से मरम्मत की प्रतीक्षा कर रहा है। बरसात के मौसम में छत से पानी टपकने, शॉर्ट सर्किट और किसी बड़े हादसे की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा सकता। कार्यालय परिसर में जगह-जगह मलबा फैला हुआ दिखाई दे रहा है, जिससे लोगों को आने-जाने में भी परेशानी होती है।

वहीं दूसरी ओर क्षेत्र के बिजली उपभोक्ता पहले से ही बार-बार बिजली कटौती, तकनीकी खराबी और अन्य समस्याओं से परेशान हैं। लोगों का कहना है कि जब विभाग का अपना कार्यालय ही बदहाल स्थिति में है, तो उपभोक्ताओं की समस्याओं के त्वरित समाधान की उम्मीद कैसे की जाए।

स्थानीय नागरिकों ने बिजली विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों और प्रशासन से मांग की है कि दर्री CSEB कार्यालय भवन की तत्काल मरम्मत कराई जाए, सुरक्षा मानकों के अनुरूप व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा क्षेत्र की बिजली व्यवस्था में भी आवश्यक सुधार किए जाएं, ताकि कर्मचारियों और आम जनता को सुरक्षित एवं बेहतर सेवाएं मिल सकें।