सट्टा नेटवर्क पर पुलिस का लगातार शिकंजा, 4 और आदतन सटोरिए गिरफ्तार, संगठित अपराध में भेजे गए जेल

✍️ भागीरथी यादव

 

 

मुख्य सरगना की गिरफ्तारी के अगले ही दिन बड़ी कार्रवाई, 3 मोबाइल जब्त, संगठित सट्टेबाजी के खिलाफ पुलिस का अभियान तेज

 

बिलासपुर। जिले में अवैध सट्टा कारोबार के खिलाफ तोरवा पुलिस का अभियान लगातार जारी है। सट्टा सरगना पर कार्रवाई के बाद अब पुलिस ने संगठित सट्टा नेटवर्क से जुड़े चार और आदतन सटोरियों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपियों के कब्जे से 03 मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। सभी के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम, 2022 एवं भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 112 के तहत कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, जिले में अवैध जुआ-सट्टा और संगठित सट्टेबाजी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज कुमार पटेल, नगर पुलिस अधीक्षक गगन कुमार तथा थाना प्रभारी रजनीश सिंह के नेतृत्व में लगातार छापेमार कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस ने बताया कि मुख्य सट्टा सरगना की गिरफ्तारी के बाद विवेचना के दौरान सट्टा नेटवर्क से जुड़े दीपक रामनानी, अजहर जुननानी, सुधीर बोले और शुभम पांडे को गिरफ्तार किया गया। जांच में सामने आया कि सभी आरोपी लंबे समय से अवैध सट्टेबाजी में सक्रिय थे और उनके खिलाफ पहले भी जुआ-सट्टा से जुड़े मामले दर्ज हैं।

कार्रवाई के दौरान जब्त मोबाइल फोन से मिले प्रारंभिक साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने इसे संगठित सट्टा नेटवर्क से जुड़ा मामला मानते हुए आरोपियों पर कड़ी धाराओं के तहत कार्रवाई की है। बिलासपुर पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध सट्टा कारोबार पर पूरी तरह अंकुश लगाने के लिए आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।