✍️ भागीरथी यादव
धमतरी, 8 जुलाई 2026। धमतरी जिले के भखारा थाना क्षेत्र में चाकू दिखाकर मारपीट और लूट की सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने त्वरित खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मामले में शामिल एक विधि से संघर्षरत अपचारी बालक को अभिरक्षा में लिया गया है। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त तूफान वाहन, धारदार चाकू, तीन मोबाइल फोन तथा लूटी गई राशि में से 30 हजार रुपये नगद बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, 6 जुलाई 2026 की रात करीब 10 बजे प्रार्थी मनीष सोनवानी अपने पिता खम्मन सोनवानी के साथ छोटा हाथी वाहन से मवेशियों को ग्राम रिवागहन ले जा रहे थे। इसी दौरान ग्राम दर्री और गुजरा के बीच एक तूफान वाहन में सवार चार आरोपियों ने उनका रास्ता रोक लिया।
आरोपियों ने मवेशी परिवहन को लेकर गाली-गलौज करते हुए पिता-पुत्र के साथ मारपीट की और धारदार चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद 50 हजार रुपये नकद लूट लिए तथा क्यूआर कोड के माध्यम से 28,500 रुपये आरोपी नीरज ध्रुवंशी के बैंक खाते में ऑनलाइन ट्रांसफर करा लिए।
घटना की सूचना मिलते ही थाना भखारा में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 309(6), 311 तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत अपराध दर्ज कर विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर लगातार दबिश देकर कुछ ही समय में आरोपियों को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने वारदात स्वीकार कर ली। उनकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त तूफान वाहन (CG 05 X 4660), एक धारदार चाकू, तीन मोबाइल फोन और लूटी गई राशि में से 30 हजार रुपये नगद जब्त किए गए।
गिरफ्तार आरोपियों में नागेंद्र साहू (19 वर्ष), नीरज ध्रुवंशी (23 वर्ष) और विनय ध्रुवंशी (24 वर्ष) शामिल हैं। तीनों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है। वहीं, मामले में शामिल अपचारी बालक को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।
धमतरी पुलिस ने कहा है कि जिले में लूट, चोरी, मारपीट, अवैध हथियार और नशे से जुड़े अपराधों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त और प्रभावी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
