✍️ भागीरथी यादव
29 करोड़ की लागत से बन रही 5.74 किमी टू-लेन सीसी सड़क का किया पैदल निरीक्षण, ढेंगुरनाला-बेलगिरी पुल के वैकल्पिक मार्ग का भी लिया जायजा
कोरबा, 8 जुलाई। जिले में सड़क निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के लिए कलेक्टर कुणाल दुदावत ने बुधवार को ध्यानचंद चौक से रूमगरा होते हुए बालको के बजरंग चौक तथा रिसदा चौक से रिसदी चौक तक निर्माणाधीन सड़क का पैदल निरीक्षण किया। उन्होंने सड़क निर्माण की प्रगति, गुणवत्ता और बारिश से प्रभावित हिस्सों का मौके पर जायजा लेते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्य पूरा होने तक हर 15 दिन में सड़क की मरम्मत कर आवागमन सुचारु रखा जाए, ताकि आम लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि 5.74 किलोमीटर लंबी निर्माणाधीन टू-लेन सीसी सड़क का निर्माण निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप और तय समय-सीमा में पूरा किया जाए। उन्होंने दो टूक कहा कि सड़क निर्माण में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और कार्य में तेजी लाकर इसे जल्द पूरा किया जाए।
कलेक्टर दुदावत ने ढेंगुरनाला-बेलगिरी पुल का भी निरीक्षण किया। पुल की स्थिति का आकलन करते हुए उन्होंने प्रस्तावित रपटा निर्माण एवं वैकल्पिक मार्ग का अवलोकन किया तथा लोक निर्माण विभाग को शीघ्र विस्तृत प्राक्कलन (एस्टीमेट) तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए, ताकि आवश्यक स्वीकृति के बाद कार्य जल्द शुरू किया जा सके।
बताया गया कि ध्यानचंद चौक से बालको के बजरंग चौक तथा रिसदा से रिसदी चौक तक 5.74 किलोमीटर सड़क को टू-लेन सीसी सड़क के रूप में विकसित करने के लिए जिला खनिज न्यास (डीएमएफ) मद से लगभग 29 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। वहीं ढेंगुरनाला एवं बेलगिरी पुल के मरम्मत कार्य का कार्यादेश भी जारी हो चुका है और शीघ्र ही काम शुरू किया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान नगर निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय, अपर कलेक्टर देवेंद्र पटेल, लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन अभियंता जी.आर. जांगड़े, एसडीओ द्विवेदी सहित नगर निगम एवं लोक निर्माण विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।
