कोरबा पुलिस में उत्कृष्ट कार्य का सम्मान: पसान थाना के आरक्षक राहुल बघेल को मिला प्रशस्ति पत्र

सुशील जयसवाल 

 

 

सीसीटीएनएस कार्यों में उत्कृष्ट प्रदर्शन पर पुलिस अधीक्षक ने किया सम्मानित, तकनीकी दक्षता का मिला सम्मान

सुशील जायसवाल

पसान/कोरबा। अपराध अनुसंधान को तकनीकी रूप से अधिक सशक्त, पारदर्शी और प्रभावी बनाने की दिशा में कोरबा पुलिस द्वारा किए जा रहे प्रयासों के बीच पसान थाना के आरक्षक राहुल बघेल को उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया। पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने सीसीटीएनएस (Crime and Criminal Tracking Network & Systems) कार्यों में उत्कृष्ट प्रदर्शन, गुणवत्तापूर्ण डेटा एंट्री एवं समयबद्ध कार्य निष्पादन के लिए उन्हें प्रशस्ति पत्र प्रदान किया।

पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित सीसीटीएनएस समीक्षा बैठक में जिले के सभी थाना एवं चौकी स्तर पर संचालित कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई। इस दौरान लंबित प्रकरणों, विभिन्न मॉड्यूलों में डेटा एंट्री की स्थिति तथा अभिलेखों की गुणवत्ता का मूल्यांकन किया गया। उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को मंच पर सम्मानित किया गया, जिसमें पसान थाना के आरक्षक राहुल बघेल भी शामिल रहे।

बैठक में पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने निर्देश दिए कि सीसीटीएनएस में दर्ज होने वाली प्रत्येक जानकारी शत-प्रतिशत सही, अद्यतन एवं त्रुटिरहित होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण डेटा एंट्री अपराध अनुसंधान, न्यायालयीन प्रक्रिया और पुलिस रिकॉर्ड की विश्वसनीयता के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है।

समीक्षा के दौरान फॉर्म एंट्री, MedLEaPR, VCNB, e-Sakshya, फाइनल रिपोर्ट, मालखाना एंट्री, e-Sign FIR और चार्जशीट एंट्री सहित विभिन्न मॉड्यूलों की प्रगति की समीक्षा की गई। साथ ही लंबित प्रविष्टियों को शीघ्र पूर्ण करने तथा प्रत्येक रिकॉर्ड का सत्यापन कर ही जानकारी दर्ज करने के निर्देश दिए गए।

आरक्षक राहुल बघेल को उनकी कार्यकुशलता, जिम्मेदारीपूर्ण कार्यशैली और समयबद्ध डेटा एंट्री के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया। सम्मान के दौरान उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने तालियों की गड़गड़ाहट से उनका उत्साहवर्धन किया।

यह सम्मान न केवल आरक्षक राहुल बघेल की व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि पसान थाना की बेहतर कार्यसंस्कृति और तकनीकी दक्षता का भी प्रतीक माना जा रहा है। उनके इस सम्मान से जिले के अन्य पुलिसकर्मियों को भी उत्कृष्ट कार्य करने की प्रेरणा मिलेगी।