✍️ भागीरथी यादव
कोरबा। जिला पुलिस के “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत थाना सिविल लाइन रामपुर पुलिस ने दो अलग-अलग गंभीर आपराधिक मामलों में बड़ी कार्रवाई करते हुए लंबे समय से फरार आरोपी आशु चुटैल उर्फ घोड़ा को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त स्टील का चाकू भी बरामद किया गया है। वहीं थार वाहन आगजनी प्रकरण में एक विधि से संघर्षरत बालक को अभिरक्षा में लेने के साथ अब तक कुल तीन आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
पुलिस के अनुसार 7 जून 2026 की रात बुधवारी स्थित गुटखा दुकान के सामने पुरानी रंजिश को लेकर हुए विवाद में आरोपी ने युवक का रास्ता रोककर गाली-गलौज और मारपीट की। शराब पीने के लिए पैसे मांगने का विरोध करने पर आरोपी ने हत्या की नीयत से युवक के पेट में चाकू से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया था। लगातार तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर सूचना और पतासाजी के आधार पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी के मेमोरेंडम के आधार पर घटना में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर जब्त किया गया।
इसी आरोपी की गिरफ्तारी के साथ थाना सिविल लाइन रामपुर में दर्ज थार वाहन आगजनी प्रकरण में भी महत्वपूर्ण सफलता मिली है। इस मामले में पहले एक आरोपी दिव्य साहू गिरफ्तार किया जा चुका था। अब आशु चुटैल उर्फ घोड़ा और एक विधि से संघर्षरत बालक को भी कार्रवाई के तहत अभिरक्षा में लिया गया है। इस तरह मामले में अब तक तीन आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि शेष आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध हत्या के प्रयास, लूट, मारपीट, चोरी सहित कई गंभीर अपराध दर्ज हैं। उसके लगातार आपराधिक रिकॉर्ड को देखते हुए उसे गुंडा-बदमाश सूची में शामिल करने तथा जिला बदर की कार्रवाई भी प्रक्रियाधीन है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अपराधियों के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
