✍️ भागीरथी यादव
वाहन राजसात करने की तैयारी, करीब 15 हजार रुपये आंकी गई लकड़ी की कीमत
कोरबा, 9 अगस्त। कटघोरा वनमंडल के पाली वन परिक्षेत्र में वन विभाग ने कीमती इमारती लकड़ी की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सागौन के तीन मोटे गोलों से लदी एक वेन जब्त की है। वन अमले ने यह कार्रवाई रात्रि गश्त के दौरान बारीउमराव-घुईचुंवा मुख्य मार्ग पर घुईचुंवा के पास की। मामले में जब्त वाहन को राजसात करने की कार्रवाई की जा रही है।
पाली वन परिक्षेत्राधिकारी योगेश्वर बंजारे के अनुसार, वन अमला रात में क्षेत्र में गश्त कर रहा था। इसी दौरान घुईचुंवा के समीप एक सफेद रंग की वेन संदिग्ध अवस्था में दिखाई दी। वन कर्मियों ने वाहन को रोककर तलाशी ली तो उसके अंदर सागौन के तीन मोटे गोले मिले। इसके बाद वाहन और लकड़ी को जब्त कर लिया गया।
वन विभाग के मुताबिक, जब्त सागौन की कुल मात्रा करीब 0.200 घन मीटर है, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 15 हजार रुपये आंकी गई है। वाहन चालक के खिलाफ वन अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है। वाहन राजसात किए जाने संबंधी प्रकरण के दस्तावेज उच्च अधिकारियों को भेजे गए हैं।
वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि वन संपदा के अवैध परिवहन और तस्करी में संलिप्त लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। वन परिक्षेत्राधिकारी योगेश्वर बंजारे ने कहा कि जंगल और वन संपदा को नुकसान पहुंचाने वालों के विरुद्ध वन कानून के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
