✍️ भागीरथी यादव
हादसे के विरोध में गौसेवकों का चक्काजाम, कई घंटे बाधित रहा आवागमन
कोरबा, 14 अगस्त। दर्री क्षेत्र के प्रगति नगर स्थित हसदेव नदी के नए पुल पर शुक्रवार की रात एक दर्दनाक हादसे में 17 दुधारू पशुओं की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि बारिश के दौरान पुल पर मौजूद मवेशियों को तेज रफ्तार भारी वाहन ने अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
घटना की जानकारी सामने आते ही क्षेत्र में आक्रोश फैल गया। बड़ी संख्या में गौसेवक और स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। भवानी मंदिर के पास सड़क पर लोगों की भीड़ जुटने से वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो गई। घटना के विरोध में गौसेवकों ने सड़क पर चक्काजाम कर दिया, जिसके चलते कई घंटे तक आवागमन बाधित रहा।
गौसेवकों ने हादसे के लिए जिम्मेदार वाहन चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने तथा मृत पशुओं के मामले में उचित कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शन के दौरान मौके पर पुलिस अधिकारी पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया।
बताया गया कि पुलिस अधिकारियों द्वारा मामले में उचित कार्रवाई का भरोसा दिए जाने के बाद प्रदर्शन समाप्त किया गया और यातायात व्यवस्था धीरे-धीरे सामान्य हुई। पुलिस द्वारा हादसे में शामिल भारी वाहन और उसके चालक की तलाश की जा रही है। घटना को लेकर स्थानीय लोगों और गौसेवकों में भारी नाराजगी बनी हुई है।
