चाकू से पैर में लगी चोट बनी मौत का कारण, पत्नी गिरफ्तार

✍️ भागीरथी यादव

 

 

कोरबा/मानिकपुर। मानिकपुर चौकी क्षेत्र के सुभाष ब्लॉक एसईसीएल कॉलोनी में युवक अंकित सोनवानी की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने करीब 26 दिन बाद खुलासा करते हुए उसकी पत्नी प्रिया सोनवानी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, पति-पत्नी के बीच विवाद के दौरान प्रिया ने कथित रूप से अंकित के पैर में चाकू मार दिया था। चोट के बाद अत्यधिक रक्तस्राव होने से उसकी हालत बिगड़ गई और उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। न्यायालय में पेश किए जाने के बाद आरोपी पत्नी को जेल भेज दिया गया।

 

पुलिस के मुताबिक घटना 15 जुलाई की है। अंकित गंभीर हालत में मिला था। उसके पैर में चाकू से गहरा घाव था और काफी रक्तस्राव हो रहा था। परिजन उसे तत्काल एसईसीएल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उसे निजी अस्पताल रेफर किया गया। निजी अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद अंकित को मृत घोषित कर दिया।

 

घटना के बाद मृतक के परिजनों ने उसकी पत्नी प्रिया सोनवानी पर हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस से शिकायत की थी। मामले की जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि अंकित और प्रिया ने करीब एक वर्ष पहले प्रेम विवाह किया था। दोनों के बीच शराब पीने को लेकर अक्सर विवाद होने की बात भी जांच में सामने आई।

 

पुलिस के अनुसार, घटना वाले दिन भी दोनों के बीच विवाद हुआ था। इसी दौरान प्रिया द्वारा कथित रूप से अंकित के पैर में चाकू मारने की बात जांच में सामने आई। जांच में यह भी पता चला कि अंकित ऐसी बीमारी से पीड़ित था, जिसमें रक्त का थक्का बनने में सामान्य से अधिक समय लगता था। पुलिस का दावा है कि पत्नी को अंकित की इस बीमारी की जानकारी थी।

 

चाकू लगने के बाद पैर से लगातार अत्यधिक रक्तस्राव होने के कारण अंकित की हालत बिगड़ती चली गई और उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। परिजनों की शिकायत, घटनाक्रम और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस ने प्रिया सोनवानी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार किया। न्यायालय में पेश करने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।