भुलसीडीह जंगल से सागौन के 26 लट्ठे बरामद, पिकअप जब्त

✍️ भागीरथी यादव

 

 

कोरबा। वन विभाग ने अवैध रूप से सागौन की लकड़ी काटकर परिवहन किए जाने के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक बोलेरो मैक्स पिकअप को जब्त किया है। वाहन से सागौन के 26 लट्ठे बरामद हुए हैं, जिनकी मात्रा करीब 2 घन मीटर और अनुमानित कीमत लगभग 85 हजार रुपये बताई गई है।

वन विभाग को सूचना मिली थी कि कोरबा वन परिक्षेत्र के भुलसीडीह जंगल से सागौन की लकड़ी काटकर वन मार्ग से बाहर ले जाई जा रही है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए वन अमले ने झगरहा-भुलसीडीह बैरियर के बीच रात्रि गश्त तेज कर दी।

इसी दौरान जंगल की दिशा से आ रहे बोलेरो मैक्स पिकअप क्रमांक CG-13 AY 1202 को वनकर्मियों ने रोककर जांच की। वाहन में सागौन के लट्ठे पाए गए। लकड़ी के परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज नहीं मिलने पर टीम ने पिकअप समेत पूरी लकड़ी को अपने कब्जे में ले लिया।

वन विभाग के अनुसार मामले में पीओआर क्रमांक 5647/07, दिनांक 15 अगस्त 2026 दर्ज कर वन अधिनियम के तहत कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

कार्रवाई वनमंडलाधिकारी जितेन्द्र कुमार उपाध्याय के आदेश पर तथा संबंधित उपवनमंडलाधिकारियों के निर्देशन में की गई। वन परिक्षेत्र अधिकारी डेथंजय शर्मा के नेतृत्व में वन अमले ने कार्रवाई को अंजाम दिया।

अभियान में वन विभाग के कर्मचारियों के साथ डुमरडीह एवं भुलसीडीह संयुक्त वन प्रबंधन समिति के सदस्यों और स्थानीय लोगों का भी सहयोग रहा। विभाग ने स्पष्ट किया है कि जंगलों से अवैध कटाई और लकड़ी के परिवहन पर रोक लगाने के लिए रात्रि गश्त और निगरानी आगे भी जारी रहेगी।