चलती सफारी में अचानक लगी आग, चालक की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा

✍️ भागीरथी यादव

 

 

महाराणा प्रताप चौक के पास रिंग रोड पर मची अफरा-तफरी, लोगों ने रेत डालकर बुझाई आग

बिलासपुर। महाराणा प्रताप चौक के पास रिंग रोड पर मंगलवार रात उस समय हड़कंप मच गया, जब चलती सफारी वाहन क्रमांक CG 10 NC 4599 में अचानक आग लग गई। वाहन से धुआं उठता देख चालक ने तत्काल सूझबूझ का परिचय देते हुए वाहन को सड़क किनारे रोक दिया। इसके बाद वाहन में सवार सभी लोग सुरक्षित बाहर निकल आए। समय रहते वाहन खाली कर दिए जाने से एक बड़ा हादसा टल गया।

जानकारी के अनुसार सफारी रिंग रोड से गुजर रही थी। इसी दौरान अचानक वाहन में आग भड़क उठी और देखते ही देखते आग की लपटें तेज हो गईं। चालक ने बिना देर किए वाहन को सड़क किनारे खड़ा किया और सभी सवारियों को बाहर निकाला। आग की सूचना मिलते ही आसपास मौजूद लोग भी मौके पर पहुंच गए।

कुछ युवकों ने तत्काल रेत की व्यवस्था कर जलते वाहन पर डालना शुरू किया। इसी दौरान पुलिस और फायर ब्रिगेड को घटना की सूचना दी गई। दमकल टीम के पहुंचने से पहले ही लोगों ने काफी मशक्कत कर आग पर काबू पा लिया।

आग बुझने के बाद क्षतिग्रस्त सफारी को सड़क से हटाया गया, जिससे रिंग रोड पर यातायात व्यवस्था सामान्य हो सकी। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। वाहन में आग किस वजह से लगी, इसका कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाया है। तकनीकी खराबी या अन्य कारणों से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। वास्तविक कारण जांच के बाद ही सामने आएगा।

 

शांतनु मिश्रा की रपोर्ट