साइबर जागरूकता अभियान के तहत विद्यार्थियों को दी सुरक्षा की जानकारी

सुशील जयसवाल

 

कोरबी चोटियां। स्वामी आत्मानंद शासकीय विद्यालय कोरबी चोटियां, विकासखंड पोड़ीउपरोड़ा में गुरुवार 20 अगस्त 2026 को साइबर जागरूकता अभियान के तहत विद्यार्थियों को साइबर अपराधों से बचाव और व्यक्तिगत सुरक्षा के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।

 

इस अवसर पर चौकी प्रभारी कोरबी चोटियां श्री एस.के. जोगी ने विद्यार्थियों को अपनी सुरक्षा और बचाव के लिए आवश्यक सावधानियों के बारे में बताया। उन्होंने मोबाइल फोन के सुरक्षित उपयोग, फोन-पे, क्यूआर कोड के माध्यम से होने वाले ऑनलाइन लेनदेन में सतर्कता बरतने तथा किसी भी अनजान लिंक, कॉल या संदेश पर भरोसा नहीं करने की समझाइश दी।

इसके साथ ही विद्यार्थियों को वाहनों में यातायात नियमों का पालन करने, सुरक्षित वाहन चलाने तथा सड़क सुरक्षा संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए। उन्होंने साइबर ठगी या किसी संदिग्ध गतिविधि की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील की।

 

कार्यक्रम में संस्था प्रमुख एवं प्राचार्य श्री एस.के. दिनकर सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा। पुलिस की इस पहल की विद्यालय परिवार ने सराहना करते हुए विद्यार्थियों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।