दिल्ली में नौकरी का झांसा देकर नाबालिग समेत दो युवतियों को ले जा रहे थे, रायगढ़ में पकड़े गए दो युवक

✍️ भागीरथी यादव

 

 

सीतापुर। सरगुजा जिले के सीतापुर थाना क्षेत्र में दिल्ली में अच्छी पगार पर नौकरी दिलाने का झांसा देकर नाबालिग छात्रा और एक युवती को बाहर ले जाने का मामला सामने आया है। परिजनों की सतर्कता से दोनों को रायगढ़ जिले में दो युवकों के साथ बरामद कर लिया गया। मामले में पुलिस ने मानव तस्करी और अपहरण से संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के अनुसार, केरजू पुलिस चौकी क्षेत्र के ग्राम ढोढ़ागांव निवासी कक्षा 10वीं की 16 वर्षीय छात्रा और ग्राम सरगा निवासी 19 वर्षीय युवती अंतरा एक्का 16 अगस्त से अपने घर से लापता थीं। परिजन दोनों की लगातार तलाश कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें जानकारी मिली कि दोनों रायगढ़ जिले के कापू क्षेत्र में देखी गई हैं।

18 अगस्त को परिजन तलाश करते हुए रायगढ़ के ग्राम केराकछार पहुंचे, जहां दोनों युवतियां दो युवकों के साथ मिलीं। बताया गया कि दोनों युवक उसी दिन ट्रेन से उन्हें दिल्ली ले जाने की तैयारी में थे। परिजन दोनों को वापस केरजू लाए और पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस पूछताछ में नाबालिग और युवती ने बताया कि सिहारजोर निवासी विद्याभूषण लकड़ा और कमोसिनडांड-कापू निवासी देवलाल तिग्गा ने उन्हें दिल्ली में अच्छी पगार पर नौकरी दिलाने का झांसा दिया था। दोनों के कहने पर वे बिना परिजनों को बताए घर से निकल गई थीं। आरोपियों ने उन्हें अपने घर पर रखा और बाद में दिल्ली ले जाने की तैयारी कर रहे थे।

छात्रा के पिता की शिकायत पर केरजू पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 137(2), 143(1)(क) एवं 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया। केरजू पुलिस चौकी प्रभारी राजेश्वर महंत ने बताया कि दोनों आरोपियों को रायगढ़ जिले से गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है।