✍️ भागीरथी यादव
बिलासपुर। रेलवे स्टेशन पर गांजा तस्करी के खिलाफ जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए एक महिला समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से दो बैग में रखे 10 पैकेटों में कुल 21.058 किलो गांजा बरामद किया गया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 10 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है।
मिली जानकारी के अनुसार जीआरपी को मुखबिर से सूचना मिली थी कि प्लेटफार्म नंबर 4-5 के हावड़ा छोर स्थित ओवरब्रिज के नीचे एक महिला और पुरुष गांजे की खेप लेकर मौजूद हैं। सूचना पर जीआरपी और आरपीएफ की टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दोनों को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपियों की पहचान संगीता मिश्रा (43) और सुशील मिश्रा (45) के रूप में हुई। दोनों बिहार के पश्चिम चंपारण जिले के बगहा थाना क्षेत्र के निवासी हैं। तलाशी के दौरान उनके पास मौजूद काले रंग के बैग और लाल रंग के ट्रॉली बैग से गांजे के 10 पैकेट बरामद हुए। इलेक्ट्रॉनिक तराजू से तौल करने पर गांजे का कुल वजन 21.058 किलो पाया गया।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
जीआरपी ने गांजा जब्त कर दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज किया। कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
प्रारंभिक पूछताछ में पता चला कि आरोपी हावड़ा-अहमदाबाद एक्सप्रेस से गांजे की खेप लेकर बिलासपुर पहुंचे थे। पुलिस अब गांजा कहां से लाया गया था और इसे बिलासपुर या आसपास के क्षेत्रों में किसे सप्लाई किया जाना था, इसकी जांच कर रही है। साथ ही तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी भी जुटाई जा रही है।
कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक विष्णु प्रसाद यादव सहित जीआरपी और आरपीएफ बिलासपुर की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। रेल पुलिस ने कहा कि ट्रेनों और रेलवे स्टेशनों के जरिए मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
