✍️ भागीरथी यादव
बलौदाबाजार। पिपरहा तालाब में शुक्रवार को एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। तालाब में नहाने पहुंचे लोगों की नजर पानी में तैरते शव पर पड़ी, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मृतक की पहचान 40 वर्षीय आनंद यादव के रूप में हुई है।
आनंद यादव पिपरहा तालाब के समीप स्थित मोहल्ले में रहता था और अंबेडकर चौक के एक होटल में काम करता था। परिजनों के अनुसार आनंद बीते तीन दिनों से घर से लापता था। परिवार उसकी तलाश कर रहा था, लेकिन गुमशुदगी की सूचना पुलिस को नहीं दी गई थी।
शव मिलने की जानकारी के बाद कोतवाली पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। गोताखोरों की सहायता से शव को तालाब से बाहर निकाला गया। पुलिस ने आवश्यक पंचनामा कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की खबर मिलते ही परिवार में शोक का माहौल है।
युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, फिलहाल इसका पता नहीं चल पाया है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि मामला आत्महत्या का है अथवा इसके पीछे कोई अन्य वजह है। सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।
