✍️ भागीरथी यादव
कोरबा। मिनीमाता कन्या महाविद्यालय परिसर से पुरानी एल्युमिनियम की तीन खिड़कियां चोरी करने के मामले में मानिकपुर पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी का मशरूका बरामद करने के साथ ही वारदात में इस्तेमाल लोहे का सब्बल भी जब्त किया है।
पुलिस के अनुसार, मिनीमाता कन्या महाविद्यालय में 15 अगस्त की शाम करीब 4.30 बजे से 17 अगस्त की सुबह 10.30 बजे के बीच अज्ञात चोरों ने दीवार फांदकर परिसर में प्रवेश किया और पुरानी इस्तेमाल की हुई एल्युमिनियम की तीन खिड़कियां चोरी कर लीं। शिकायत के बाद मानिकपुर पुलिस सहायता केंद्र में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान पुलिस ने सागर कश्यप (22), आकाश उरांव उर्फ टब्बर्रा (21/24) और ईश्वर बंजारे (21), सभी कोरबा क्षेत्र के निवासी, को पकड़ा। पूछताछ में आरोपियों ने चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने चोरी की खिड़कियां कबाड़ी के पास बेचने की बात भी कबूल की। आरोपियों के मेमोरण्डम के आधार पर चोरी का सामान और वारदात में इस्तेमाल लोहे का सब्बल बरामद किया गया।
मानिकपुर पुलिस ने तीनों आरोपियों को 21 अगस्त 2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। प्रकरण में आगे की विवेचना और चोरी गए सामान की रसीद सहित अन्य साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई जारी है। आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजे जाने की कार्रवाई की गई है।
