हाथी प्रभावित ग्रामीणों की मांगें तेज, फसल व जनहानि मुआवजा बढ़ाने की मांग

सुशील जयसवाल

 

 

कोरबा। पोड़ी-उपरोड़ा क्षेत्र में हाथियों के बढ़ते उत्पात और इससे ग्रामीणों को हो रहे नुकसान को लेकर ग्राम पंचायत परला सहित क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों ने वन मंत्री केदार कश्यप के नाम ज्ञापन सौंपकर प्रभावित ग्रामीणों की मांगों पर शीघ्र कार्रवाई की मांग की है। ज्ञापन में हाथियों से फसल, मकान और जनहानि के मामलों में मुआवजा बढ़ाने सहित कई मांगें रखी गई हैं।

ज्ञापन में कहा गया है कि विधानसभा क्षेत्र पाली-तानाखार के पोड़ी-उपरोड़ा विकासखंड अंतर्गत विभिन्न क्षेत्रों में हाथियों के कारण ग्रामीणों की फसल एवं अन्य जन-धन की हानि हो रही है। ग्रामीणों को राहत दिलाने के लिए पांच प्रमुख मांगें रखी गई हैं।

ग्रामीणों ने फसल क्षति का मुआवजा 9 हजार रुपये से बढ़ाकर 60 हजार रुपये प्रति एकड़ करने की मांग की है। वहीं, जनहानि की स्थिति में वर्तमान 6 लाख रुपये की सहायता राशि बढ़ाकर एक करोड़ रुपये करने तथा प्रभावित परिवार के सदस्य को शासकीय नौकरी देने की मांग की गई है।

इसके अलावा वन मंडल के अंतर्गत होने वाले निर्माण कार्यों में ठेकेदारी प्रथा समाप्त करने, हाथियों द्वारा घर तोड़े जाने से हुई क्षति का मूल्यांकन कर उचित मुआवजा देने तथा हाथी प्रभावित विशेष क्षेत्रों में हाई मास्क लाइट लगाने की मांग भी ज्ञापन में शामिल है।

जनप्रतिनिधियों ने वन मंत्री से आग्रह किया है कि हाथियों के उत्पात से प्रभावित ग्रामीणों को राहत पहुंचाने के लिए इन मांगों पर शीघ्र कार्रवाई की जाए, ताकि ग्रामीणों को जान-माल और फसल के नुकसान से राहत मिल सके।