✍️ भागीरथी यादव
रायगढ़, 22 अगस्त। पूंजीपथरा थाना क्षेत्र के गेरवानी स्थित शासकीय देशी कम्पोजिट मदिरा दुकान में प्राइवेट गार्ड पर पिस्टलनुमा हथियार से फायरिंग कर फरार हुए आरोपी को पुलिस ने बिहार के जमुई जिले से गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त पिस्टल भी बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार घटना के बाद आरोपी दूसरे राज्य में जाकर छिप गया था। जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और स्थानीय स्तर पर पतासाजी के साथ तकनीकी सुराग जुटाए। इन सुरागों के आधार पर आरोपी की पहचान विवेक कुमार यादव (19) निवासी जीतझिंगोई, थाना खैरा, जिला जमुई, बिहार के रूप में हुई।
आरोपी की तलाश में पूंजीपथरा पुलिस की टीम बिहार पहुंची और स्थानीय पुलिस के सहयोग से सर्च ऑपरेशन चलाया। इस दौरान आरोपी को जमुई जिले के एक खेत में छिपे होने के दौरान पकड़ लिया गया। पूछताछ में सामने आया कि वह अपने दोस्त को डांटने की बात से नाराज था और इसी का बदला लेने पिस्टल लेकर शराब दुकान पहुंचा था, जहां उसने गार्ड पर गोली चला दी।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त पिस्टल बरामद कर ली है। आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 206/2026 के तहत धारा 296, 351(3), 109(1) बीएनएस तथा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
