✍️ भागीरथी यादव
बिलासपुर। सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के कुंदरापारा तिफरा में हाथ में धारदार चाकू लेकर आम लोगों को डराने-धमकाने वाले 23 वर्षीय युवक को पुलिस ने पकड़ा है। आरोपी के कब्जे से चाकू बरामद कर आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई और उसे जेल भेज दिया गया।
जानकारी के अनुसार, आगामी त्योहारों को देखते हुए क्षेत्र में पुलिस की निगरानी चल रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि कुंदरापारा तिफरा के पास एक युवक हाथ में चाकू लेकर आने-जाने वाले लोगों को धमका रहा है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर युवक को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक धारदार चाकू बरामद हुआ।
पकड़े गए युवक की पहचान करन साहू (23), पिता संतराम साहू, निवासी कुंदरापारा तिफरा के रूप में हुई है। उसके खिलाफ अपराध क्रमांक 661/2026 के तहत धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज किया गया।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया के तहत जेल दाखिल कर दिया। सार्वजनिक स्थान पर चाकू लेकर लोगों को धमकाने की घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल बना रहा। पुलिस ने लोगों से ऐसे असामाजिक तत्वों की सूचना तत्काल देने की अपील की है।
