12.50 लाख की चोरी का खुलासा, पिता-पुत्र गिरफ्तार….

✍️ भागीरथी यादव

 

 

11.53 लाख रुपए बरामद, छत के रास्ते घर में घुसकर दिया था वारदात को अंजाम

कवर्धा। सिटी कोतवाली क्षेत्र के ग्राम मझगांव में घर से चोरी हुए 12.50 लाख रुपए के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने वारदात में शामिल पिता-पुत्र को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 11.53 लाख रुपए बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार, हीरालाल साहू ने 24 सितंबर को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 15 सितंबर की शाम घर की आलमारी के लॉकर में रखे 12.50 लाख रुपए चोरी हो गए। परिवार ने गमछा बांधे एक संदिग्ध व्यक्ति को घर से निकलते भी देखा था।

जांच के दौरान साइबर थाना और सिटी कोतवाली की संयुक्त टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी कमलेश पटेल (19) तक पहुंच बनाई। पूछताछ में उसने पुराने मकान की छत के रास्ते घर में प्रवेश कर चोरी करना स्वीकार किया। बाद में उसने चोरी की रकम की जानकारी अपने पिता भागवत पटेल (50) को दी और दोनों ने रकम अलग-अलग स्थानों पर छिपाई।

पुलिस ने दोनों की निशानदेही पर 11.53 लाख रुपए बरामद किए हैं। कुछ रकम खर्च होने की जानकारी सामने आई है। दोनों आरोपियों को 29 सितंबर को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।