आंखों में स्प्रे छिड़ककर ज्वेलर्स से लूट का प्रयास, चार आरोपी गिरफ्तार….

✍️ भागीरथी यादव

 

आरंग। ग्राम भानसोज स्थित गुरुकृपा ज्वेलर्स के संचालक की आंखों में स्प्रे छिड़ककर जेवरों से भरा बैग लूटने का प्रयास करने वाले चार आरोपियों को आरंग पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

घटना 5 जून 2026 की रात करीब 8:50 बजे भानसोज बाजार चौक की है। दुकान बंद कर रहे संचालक चंद्रहास देवांगन पर बिजली बंद होने के दौरान बाइक सवार नकाबपोश बदमाशों ने स्प्रे छिड़क दिया। आंखों में जलन होने से व्यापारी के गिरते ही आरोपियों ने जेवरों से भरा बैग छीनने का प्रयास किया। शोर मचाने पर ग्रामीणों के पहुंचने से आरोपी भाग निकले।

मामले की जांच में पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, टावर डंप और सीडीआर का तकनीकी विश्लेषण किया। एक अन्य मामले में हिरासत में लिए गए संदेहियों से पूछताछ के बाद वारदात का खुलासा हुआ।

जांच में सामने आया कि फिरोज बंजारे ने बिजली बंद की थी, जबकि दिव्यांश प्रतीक घिदौड़े व्यापारी की गतिविधियों की जानकारी दे रहा था। सलीम कुर्रे और रवि कुमार निषाद सहित अन्य आरोपियों ने लूट की वारदात को अंजाम देने की योजना बनाई थी। पुलिस के अनुसार सलीम पूर्व में महासमुंद में हुए 10 लाख रुपये के लूटकांड में जेल जा चुका है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त पल्सर बाइक, साइकिल की चेन और मोबाइल फोन बरामद किया है। कार्रवाई थाना प्रभारी नरेश कुमार साहू के नेतृत्व में पुलिस टीम ने की।