बाबूपारा में आंगन मिलन सेवा समारोह का आयोजन, अन्नप्राशन और गोदभराई से गूंजा आंगन

सुशील जयसवाल

 

 

 

सिरमिना/कोरबी चोटिया। पोड़ी उपरोड़ा ब्लॉक के सिरमिना मंडल अंतर्गत ग्राम बाबूपारा स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत ‘आंगन मिलन सेवा समारोह’ का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। कार्यक्रम में बच्चों के अन्नप्राशन, गर्भवती महिलाओं की गोदभराई तथा न्योता भोज सहित विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं।

कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य विद्वान सिंह मरकाम मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान नन्हे-मुन्ने बच्चों का पारंपरिक रीति-रिवाज से अन्नप्राशन कराया गया। वहीं गर्भवती महिलाओं की गोदभराई कर उन्हें पौष्टिक आहार एवं उपहार भेंट किए गए।

समारोह में ग्रामीणों और महिलाओं को पोषण एवं संतुलित आहार के महत्व की जानकारी दी गई। पौष्टिक खाद्य सामग्री से तैयार आकर्षक रंगोली के माध्यम से कुपोषण मुक्त समाज का संदेश दिया गया। साथ ही विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देकर पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम के अंत में ग्रामीणों, महिलाओं और बच्चों के लिए न्योता भोज का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जनपद सदस्य श्रीमती कमला देवी पैन्द्रो, रीता उइके, रामलाल साहू, ग्राम पंचायत छिंदिया की सरपंच श्रीमती दिलकुंवर आर्मो, उपसरपंच राजकुमार कुसरो, ललित कुमार उइके, विदेश श्याम कृष्णा, श्रीमती इंदकुंवर यादव, श्रीमती लक्ष्मी मरकाम सहित आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका, मितानिन, शिक्षक एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।