नाबालिग को इंदौर बुलाकर दुष्कर्म का आरोप, आरोपी मध्यप्रदेश से गिरफ्तार……

✍️ भागीरथी यादव

 

 

जांजगीर-चांपा। नाबालिग बालिका को बहला-फुसलाकर ले जाने और शादी का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म करने के मामले में पुलिस ने फरार आरोपी को मध्यप्रदेश के इंदौर से गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान पवन मुजाल्दे, निवासी पुनासा, जिला खंडवा (मध्यप्रदेश) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, नाबालिग के परिजनों ने अज्ञात व्यक्ति द्वारा बहला-फुसलाकर उसे ले जाने की शिकायत अकलतरा थाने में दर्ज कराई थी। मामले में पुलिस ने बीएनएस की धारा 137(2) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी और साइबर साक्ष्यों की मदद से बालिका की तलाश शुरू की और उसे सुरक्षित बरामद कर लिया।

पूछताछ में बालिका ने पुलिस को बताया कि करीब दो वर्ष पहले उसकी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम के जरिए पवन मुजाल्दे से पहचान हुई थी। दोनों के बीच बातचीत होती थी। आरोप है कि 28 जुलाई को आरोपी ने उसे इंदौर बुलाया और शादी करने का भरोसा दिलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने साइबर तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की लोकेशन और पहचान का पता लगाया। इसके बाद टीम ने इंदौर पहुंचकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस पूछताछ में अपराध से संबंधित तथ्य सामने आने के बाद आरोपी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

यह कार्रवाई एसपी विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में एएसपी डॉ. यूलैण्डन यार्क एवं एसडीओपी अकलतरा के मार्गदर्शन में कोटमीसोनार पुलिस टीम द्वारा की गई। कार्रवाई में उपनिरीक्षक विनोद जटवार, प्रधान आरक्षक तरीकेश पाण्डेय, आरक्षक शुभम एक्का, हेमंत साहू और महिला आरक्षक रुक्मणी कंवर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।