कोरबा: साइबर ठगी से बचने जागरूकता जरूरी, कोरबा में लगी साइबर चौपाल……

✍️ भागीरथी यादव

 

 

कोरबा, 1 अक्टूबर। जिले में बढ़ते साइबर अपराधों के बीच लोगों को ऑनलाइन ठगी के तौर-तरीकों और उससे बचाव के उपायों की जानकारी देने के उद्देश्य से गुरुवार को सिविल लाइन क्षेत्र में साइबर चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ कैबिनेट मंत्री लखन लाल देवांगन ने किया। इस दौरान महापौर संजू देवी राजपूत और जिला भाजपा अध्यक्ष गोपाल मोदी सहित पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी एवं विभिन्न थाना क्षेत्रों के प्रभारी मौजूद रहे।

कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों ने साइबर अपराध के बदलते स्वरूप, ऑनलाइन फ्रॉड, फर्जी कॉल, लिंक, ओटीपी, बैंकिंग धोखाधड़ी और सोशल मीडिया के जरिए होने वाले अपराधों से बचने के लिए आवश्यक सावधानियों की जानकारी दी। लोगों से अपील की गई कि किसी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, बैंक संबंधी जानकारी, पासवर्ड अथवा अन्य निजी जानकारी साझा न करें और संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें।

इस अवसर पर मंत्री लखन लाल देवांगन ने कहा कि साइबर अपराध आज केवल किसी एक वर्ग या आय वर्ग तक सीमित नहीं है। जागरूकता ही इससे बचाव का सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने हाल ही में हुई घटना का उल्लेख करते हुए बताया कि करीब 10-12 दिन पहले रायपुर में उनके यहां कम करने वाले एक कर्मचारी, जिसकी मासिक आय लगभग 15-16 हजार रुपये थी, वह भी ऑनलाइन ठगी का शिकार हो गया। मंत्री ने कहा कि यह घटना बताती है कि साइबर अपराधी किसी की आर्थिक स्थिति देखकर ठगी नहीं करते। इसलिए हर व्यक्ति को मोबाइल और इंटरनेट का इस्तेमाल करते समय सतर्क रहना चाहिए।

उन्होंने कहा कि पुलिस द्वारा साइबर चौपाल जैसे जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करना वर्तमान समय की जरूरत है। ऐसे आयोजनों के माध्यम से आम लोगों तक साइबर सुरक्षा से जुड़ी जरूरी जानकारी सरल तरीके से पहुंचाई जा सकती है।

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि साइबर अपराध से बचाव के लिए सावधानी के साथ-साथ समय पर शिकायत करना भी बेहद महत्वपूर्ण है। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों को साइबर अपराध की स्थिति में तत्काल संबंधित माध्यमों से शिकायत करने की जानकारी भी दी गई।