कोरबा में दिनदहाड़े दो वारदातें, ठगों ने बुजुर्ग से ऐंठीं सोने की अंगूठियां, महिला की चेन झपटने की कोशिश…..

✍️ भागीरथी यादव

 

कोरबा। शहर में बाइक सवार बदमाशों ने अलग-अलग इलाकों में दो वारदातों को अंजाम देकर लोगों की चिंता बढ़ा दी है। दर्री क्षेत्र में बदमाशों ने पुलिस चेकिंग का झांसा देकर 65 वर्षीय बुजुर्ग से करीब 80 हजार रुपये की दो सोने की अंगूठियां उतरवा लीं। वहीं, सिविल लाइन रामपुर थाना क्षेत्र में मॉर्निंग वॉक पर निकली महिला से चेन झपटने का प्रयास किया गया। दोनों घटनाओं में बाइक सवार दो युवकों के शामिल होने की जानकारी सामने आई है।

चेकिंग का डर दिखाकर उतरवाई अंगूठियां

दर्री थाना क्षेत्र के प्रगति नगर रोड पर 65 वर्षीय भागीराम कर्म के साथ ठगी हुई। वे CISF क्वार्टर ऑफिस के सामने से गुजर रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार दो युवकों ने उन्हें रोककर आगे पुलिस चेकिंग होने की बात कही। आरोपियों ने उनसे सोने-चांदी के आभूषण उतारने को कहा। उनकी बातों में आकर भागीराम ने अपनी दो सोने की अंगूठियां उतार दीं। इसके बाद दोनों युवक अंगूठियां लेकर बाइक से फरार हो गए। अंगूठियों की कीमत करीब 80 हजार रुपये बताई गई है।

महिला से चेन झपटने की कोशिश

दूसरी घटना एमपी नगर मुख्य मार्ग की है। शिवाजी नगर निवासी कांता बनवाल अपनी बेटी के साथ सुबह घंटाघर की ओर मॉर्निंग वॉक पर निकली थीं। इसी दौरान बाइक सवार दो युवकों ने उनके गले से चेन खींचने की कोशिश की। अचानक हुई खींचतान में महिला सड़क पर गिर गईं, लेकिन चेन नहीं टूटी और बदमाश सफल नहीं हो सके। इसके बाद दोनों युवक मौके से भाग निकले।

घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइन रामपुर थाना प्रभारी आस्था शर्मा टीम के साथ मौके पर पहुंचीं। सीएसपी प्रतिभा चतुर्वेदी ने भी घटनास्थल का जायजा लिया।

CCTV से आरोपियों की तलाश

लगातार सामने आई दोनों घटनाओं को लेकर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। आसपास के CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि बाइक सवार युवकों की पहचान हो सके। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले ने बताया कि शिकायत के आधार पर दोनों मामलों में कार्रवाई की जा रही है और आरोपियों की तलाश के लिए आवश्यक जानकारी जुटाई जा रही है।

बताया जा रहा है कि करीब एक महीने पहले निहारिका टॉकीज के पास भी इसी तरह पुलिस चेकिंग का झांसा देकर एक बुजुर्ग से सोने की चेन ले जाने की घटना हुई थी। लगातार सामने आ रही इन घटनाओं के बाद लोगों को अनजान लोगों के झांसे में न आने और आभूषणों को लेकर सतर्क रहने की जरूरत है।