✍️ भागीरथी यादव
कुरुद। धमतरी जिले के कुरुद क्षेत्र में एक युवती पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। घटना 2 अक्टूबर की रात करीब 11:30 बजे की बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार आरोपी दुलेश्वर टंडन ने राईस मिल में अनीता मडावी पर चाकू से पीठ, कमर, हाथ और सिर पर वार कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया।
घटना के बाद घायल युवती को तत्काल शासकीय अस्पताल कुरुद ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर उपचार के लिए निजी अस्पताल धमतरी रेफर किया गया।

मामले की सूचना मिलते ही कुरुद पुलिस ने अपराध क्रमांक 327/2026 के तहत धारा 333, 109 बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी की घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त चाकू भी बरामद किया है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान दुलेश्वर टंडन (25), पिता लक्ष्मी प्रसाद टंडन, निवासी भाठागांव, थाना कुरुद, जिला धमतरी के रूप में हुई है। पूछताछ और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
