कोरबा: कुसमुंडा खदान में दो ट्रेलरों की आमने-सामने टक्कर, चालक की मौत…..

✍️ भागीरथी यादव

 

 

दूसरा चालक गंभीर घायल, मुआवजे और नौकरी की मांग को लेकर परिजनों ने किया प्रदर्शन

कोरबा। कुसमुंडा खदान क्षेत्र में रविवार को दो ट्रेलरों के बीच हुई जोरदार भिड़ंत में एक चालक की मौत हो गई, जबकि दूसरे वाहन का चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि एक ट्रेलर का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक केबिन में ही फंस गया। दुर्घटना के बाद काफी मशक्कत से शव को बाहर निकाला गया।

मृतक की पहचान रेलिया निवासी विश्व प्रसाद बिट्टू के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही खदान क्षेत्र में हड़कंप मच गया और मौके पर बड़ी संख्या में लोग जुट गए। घायल चालक को उपचार के लिए अस्पताल भेजे जाने की जानकारी है।

बताया गया कि दोनों वाहन नीलकंठ कंपनी के पेटी ठेकेदार पीकेएस कंपनी से जुड़े हुए हैं। हादसे के बाद खदान में वाहनों की आवाजाही, सुरक्षा मानकों और कार्यप्रणाली को लेकर सवाल उठने लगे हैं। लगातार हो रही दुर्घटनाओं के बीच खदान क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी चर्चा तेज हो गई है।

इधर, मृतक के परिजन और स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर मुआवजा तथा परिवार के सदस्य को रोजगार देने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। इससे कुछ समय के लिए खदान परिसर में तनावपूर्ण स्थिति निर्मित हो गई।

सूचना मिलने पर कुसमुंडा थाना प्रभारी मृत्युंजय पांडे पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे लोगों से बातचीत कर स्थिति को नियंत्रित किया। समझाइश के बाद मामला शांत हुआ। पुलिस ने घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।