✍️ भागीरथी यादव
रायगढ़/तमनार। तमनार थाना क्षेत्र में 14 वर्षीय नाबालिग को शादी का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म करने और उसे ओडिशा ले जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पीछा करते हुए आरोपी युवक को टाटानगर के पास गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान नशरूल आलम (22), निवासी मोहम्मदपुर स्कूलटोला, जिला किशनगंज (बिहार) के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, नाबालिग के परिजनों ने 30 सितंबर को उसके लापता होने की रिपोर्ट तमनार थाने में दर्ज कराई थी। जांच के दौरान पुलिस ने नाबालिग के मोबाइल, सोशल मीडिया और उसके परिचितों से जानकारी जुटाई। इसी दौरान गांव में नल-जल योजना में मजदूरी करने वाले नशरूल आलम से उसकी बातचीत की जानकारी सामने आई।
पुलिस ने आरोपी के मोबाइल नंबर के आधार पर उसकी गतिविधियों पर नजर रखी। फोन पर बातचीत के दौरान पुलिस को ट्रेन की आवाज सुनाई दी, जिसके बाद तकनीकी साक्ष्यों से उसके ओडिशा की ओर जाने का सुराग मिला। पुलिस टीम ने पीछा करते हुए टाटानगर क्षेत्र में पहुंचकर तलाश शुरू की।
इसी दौरान पुलिस को आरोपी नाबालिग के साथ दिखाई दिया। पुलिस को देखते ही आरोपी भागने लगा, लेकिन थाना प्रभारी और पुलिसकर्मियों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। नाबालिग को सुरक्षित बरामद कर परिजनों को सौंप दिया गया।
जांच में नाबालिग द्वारा आरोपी पर शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने का आरोप लगाया गया। पुलिस ने मामले में धारा 87, 65(1) बीएनएस तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 4 और 6 जोड़ी है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
