✍️ भागीरथी यादव
कोरबा/पसान। पसान थाना क्षेत्र के दुलापुर काशिमुड़ा गांव में घर में रखी महुआ शराब पीने से तीन वर्षीय बच्चे मनीष की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि बच्चा खेलते समय प्लास्टिक की बोतल में रखी शराब पी गया था। इसके बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई।
परिजन उसे उपचार के लिए खड़गवां अस्पताल ले गए, जहां से चिरमिरी और फिर अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया। करीब पांच दिन तक इलाज चलने के बाद सोमवार को मनीष की मौत हो गई।
घटना 29 सितंबर की शाम की बताई जा रही है। बच्चे की मां फूलकुंवर ने बताया कि शराब पीने के कुछ देर बाद मनीष को उल्टियां होने लगी थीं। बाद में उसकी हालत बिगड़ती चली गई।
चाइल्ड स्पेशलिस्ट डॉ. बी. कमलेश ने बताया कि छोटे बच्चों के लिए शराब की थोड़ी मात्रा भी गंभीर खतरा पैदा कर सकती है। अधिक मात्रा में सेवन जानलेवा हो सकता है। महुआ शराब तैयार करने में प्रक्रिया संबंधी कमी होने पर हानिकारक तत्व बनने की आशंका भी रहती है।
