कोरबा: दीपका में चाकूबाजी मामले में दो आरोपी गिरफ्तार…..

✍️ भागीरथी यादव

 

वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने की कार्रवाई, आरोपियों से चाकू बरामद

 

कोरबा/दीपका। दीपका थाना क्षेत्र के बाजार मुख्य मार्ग पर 2 अक्टूबर को हुए विवाद और मारपीट के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। घटना के दौरान चाकू का इस्तेमाल किए जाने की बात सामने आई थी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद पुलिस ने मामले की जांच तेज करते हुए कार्रवाई की।

 

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पी. चंटी बाबू और शुभम यादव के रूप में हुई है। बताया गया कि 2 अक्टूबर को दीपका बाजार क्षेत्र में किन्नर समुदाय के सदस्य लोगों से आशीर्वाद लेने के लिए घूम रहे थे। इसी दौरान एक किन्नर और दीपका निवासी पिता-पुत्र के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच सड़क पर मारपीट शुरू हो गई।

 

घटना में पिता-पुत्र के घायल होने की जानकारी सामने आई है। मामले को लेकर दोनों पक्षों ने दीपका थाने में शिकायत दर्ज कराई। एक पक्ष ने अभद्र व्यवहार और छूने का आरोप लगाया, जबकि पिता-पुत्र ने उनके साथ मारपीट किए जाने की शिकायत पुलिस से की।

 

एएसआई किशन कुमार के अनुसार, पंकज सिंह की रिपोर्ट पर दीपका थाने में अपराध क्रमांक 412/2026 दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। विवेचना के दौरान पुलिस ने पी. चंटी बाबू और शुभम यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ की। आरोपियों की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद किया गया।

 

पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।