पुरानी रंजिश में घर में घुसकर हमला, चार आरोपी गिरफ्तार……

✍️ भागीरथी यादव 

 

चाकू, लोहे की रॉड और डंडे से किया हमला, एक नाबालिग भी अभिरक्षा में

 

धमतरी। जिले के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत दानीटोला में पुरानी रंजिश को लेकर घर में घुसकर एक परिवार पर हमला करने के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं, एक नाबालिग को भी अभिरक्षा में लिया गया है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल चाकू, लोहे की रॉड, खून लगा लकड़ी का डंडा और ईंट के टुकड़े जब्त किए हैं।

पुलिस के अनुसार, 4 अक्टूबर की रात करीब 10 बजे दानीटोला निवासी गुलशन साहू अपने भाई डोमेंद्र साहू और माता-पिता के साथ घर पर था। इसी दौरान रितेश ध्रुव और राम साहू घर पहुंचे और दरवाजे पर लात मारते हुए गाली-गलौज करने लगे। आरोपियों ने ईंट-पत्थर से हमला किया, जिससे गुलशन के पिता धनीराम घायल हो गए।

 

कुछ देर बाद आरोपी अपने अन्य साथियों के साथ दोबारा चाकू, लोहे की रॉड और डंडे लेकर पहुंचे। उन्होंने गुलशन साहू और उसके भाई पर हमला कर दिया। हमले में दोनों घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।

 

घटना की शिकायत पर सिटी कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देशन में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए रितेश कुमार ध्रुव (19 वर्ष), आलेख रामटेके (18 वर्ष), राम साहू (19 वर्ष) और चन्द्रेश्वर उर्फ गोलू धुरी (26 वर्ष) को गिरफ्तार किया। सभी आरोपी धमतरी के दानीटोला क्षेत्र के निवासी हैं।

 

पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और आरोपियों की निशानदेही पर हमले में इस्तेमाल हथियार बरामद किए। मामले में एक नाबालिग को भी अभिरक्षा में लिया गया है, जबकि एक अन्य फरार आरोपी की तलाश जारी है।

 

पुलिस ने चारों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। नाबालिग को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया गया है। पुलिस का कहना है कि जिले में गुंडागर्दी और हिंसक गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।