सड़क पर उतरा हाथियों का झुंड, घंटों थमे रहे वाहन……

✍️ भागीरथी यादव

 

ट्रेलर के सामने आकर खड़ा हुआ हाथी, राहगीरों ने बनाए वीडियो

 

रायगढ़। तमनार वन परिक्षेत्र के सामारुमा इलाके में बुधवार को हाथियों की आवाजाही के चलते सड़क पर यातायात प्रभावित रहा। सुबह करीब 40 हाथियों के सड़क के पास पहुंचने से दोनों तरफ वाहनों की कतार लग गई। शाम के समय भी हाथियों का समूह जंगल से निकलकर सड़क पार करने पहुंच गया।

 

हाथियों के सड़क पर आने के दौरान एक हाथी खड़े ट्रेलर के बिल्कुल सामने पहुंच गया और काफी देर तक वहीं खड़ा रहा। इस दौरान सड़क पर मौजूद लोगों ने सुरक्षित दूरी से घटना का वीडियो अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड किया, जो बाद में सोशल मीडिया पर प्रसारित होने लगा।

 

बताया गया कि हाथियों का दल पहले करीब 49 हाथियों का था। इनमें से 9 हाथी छाल वन परिक्षेत्र की दिशा में चले गए हैं, जबकि शेष हाथियों की तमनार क्षेत्र में लगातार गतिविधियां बनी हुई हैं। हाथियों के सड़क पार करने के दौरान वन विभाग के कर्मचारियों ने सुरक्षा के मद्देनजर दोनों तरफ वाहनों की आवाजाही रोक दी।

 

हाथियों के सड़क से हटकर जंगल की ओर जाने के बाद मार्ग पर आवागमन सामान्य हो सका। वन विभाग की टीम क्षेत्र में हाथियों की गतिविधियों पर निगरानी बनाए हुए है और लोगों को हाथियों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की सलाह दी जा रही है।