✍️ भागीरथी यादव
धमतरी। रत्नाबांधा क्षेत्र में बुधवार देर रात सड़क हादसे में एक युवक की जान चली गई। मृतक की पहचान 21 वर्षीय सागर नागारची के रूप में हुई है। घटना के बाद टक्कर मारने वाला वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार सागर नागारची पैदल धमतरी की ओर जा रहा था। इसी दौरान रत्नाबांधा क्षेत्र में पीछे से आए अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर गया।
घटना के दौरान वहां से गुजर रहे अभय ठिटे ने इसकी जानकारी इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी के वाइस चेयरमैन शिवा प्रधान को दी। सूचना मिलते ही शिवा प्रधान अपने साथी डोमन साहू के साथ एंबुलेंस लेकर घटनास्थल पहुंचे। घायल युवक को उपचार के लिए जिला अस्पताल धमतरी ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
हादसे की सूचना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। फरार वाहन और उसके चालक का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। घटना से मृतक के परिजनों में शोक का माहौल है।
