कोरबा: कोतवाली थाना क्षेत्र में घर के भीतर फंदे पर मिला 26 वर्षीय युवक, अस्पताल में इलाज के दौरान मौत……

✍️ भागीरथी यादव

 

कोरबा। कोतवाली थाना क्षेत्र के लक्ष्मणबंद तालाब बस्ती में 26 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। युवक ने कथित तौर पर अपने घर में फांसी लगा ली थी। परिजनों ने उसे फंदे से नीचे उतारकर तत्काल मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान उसकी जान चली गई।

 

मृतक की पहचान उदय कुमार यादव (26) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार उदय रोजी-मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। घटना के समय वह घर पर था। परिजनों ने उसे फंदे पर लटका देखा तो तत्काल उसे नीचे उतारा और अस्पताल लेकर पहुंचे। चिकित्सकों ने उपचार शुरू किया, लेकिन उसकी हालत गंभीर होने के कारण उसे बचाया नहीं जा सका।

 

परिजनों को नहीं पता मौत की वजह

 

परिजनों के मुताबिक उदय सामान्य रूप से अपना काम करता था और रोजाना की तरह घर लौटता था। उसने परिवार के सामने किसी तरह की परेशानी, विवाद या मानसिक तनाव का जिक्र नहीं किया था। ऐसे में उसने यह कदम क्यों उठाया, इसे लेकर परिजन भी कुछ स्पष्ट नहीं बता पा रहे हैं।

 

पुलिस ने शुरू की जांच

 

अस्पताल से घटना की सूचना मिलने के बाद जिला अस्पताल चौकी पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज किए हैं। मर्ग कायम कर मामले की जांच की जा रही है। पुलिस युवक की मौत के पीछे संभावित पारिवारिक, आर्थिक अथवा अन्य परिस्थितियों की जानकारी जुटा रही है।

 

पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा शव

 

पुलिस की मौजूदगी में शव का पोस्टमार्टम कराया गया। इसके बाद शव अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया। फिलहाल युवक की मौत के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच में जुटी है।