✍️ भागीरथी यादव
कोरबा में दीपावली से पहले पटाखों का बड़ा जखीरा बरामद, घर में छिपाकर रखे थे 20 कार्टून
कोरबा। दीपावली से पहले पटाखों के अवैध भंडारण के खिलाफ कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुराना बस्ती क्षेत्र में एक मकान पर दबिश देकर पुलिस ने करीब 20 कार्टून पटाखे जब्त किए हैं। जब्त पटाखों की अनुमानित कीमत करीब 2 लाख रुपये बताई जा रही है। कार्रवाई के बाद इलाके में पटाखों के अवैध भंडारण को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि बलराम जिज्ञासी ने अपने घर में बड़ी मात्रा में पटाखे छिपाकर रखे हैं। सूचना की पुष्टि के बाद कोतवाली पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर मकान की तलाशी ली। तलाशी के दौरान अलग-अलग कार्टून में रखे पटाखे बरामद हुए।
पुलिस ने सभी पटाखों को जब्त कर लिया है। कोतवाली थाना प्रभारी प्रेमचंद साहू के मुताबिक, मामले में विस्फोटक अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अब यह भी पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी मात्रा में पटाखे कहां से लाए गए थे और इन्हें आगे कहां खपाने की तैयारी थी।
बाहर से पटाखे मंगाकर बस्ती में जमा करने की आशंका
प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि दीपावली के मद्देनजर पटाखों का स्टॉक पहले से तैयार किया जा रहा था। पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है कि कहीं दूसरे जिलों या अन्य स्थानों से पटाखे लाकर उन्हें रिहायशी इलाकों में तो नहीं छिपाया जा रहा था। जब्त पटाखों की खरीद और सप्लाई से जुड़े लोगों की जानकारी भी जुटाई जा रही है।
घनी आबादी में बारूद का भंडार बना खतरा
रिहायशी इलाके में बड़ी मात्रा में पटाखों का भंडारण सुरक्षा के लिहाज से गंभीर मामला माना जा रहा है। यदि किसी वजह से आग लगती तो आसपास के मकानों तक तेजी से फैलने का खतरा रहता।
