कोरबा : भुगतान में देरी और व्यवहार को लेकर विवाद, ठेकेदारों ने दी काम बंद करने की चेतावनी…..

✍️ भागीरथी यादव

 

कोरबा। नगर पालिक निगम कोरबा में ठेकेदारों और अधिकारियों के बीच विवाद सामने आया है। नगर निगम कॉन्ट्रैक्टर एसोसिएशन ने कोरबा जोन की कार्यपालन अभियंता रुचि साहू पर दुर्व्यवहार, अमर्यादित भाषा के इस्तेमाल और निर्माण कार्यों के भुगतान संबंधी फाइलें लंबित रखने का आरोप लगाया है। एसोसिएशन ने शिकायत पर कार्रवाई नहीं होने की स्थिति में आंदोलन और शहर के निर्माण कार्य बंद करने की चेतावनी दी है।

एसोसिएशन अध्यक्ष असलम खान के नेतृत्व में सौंपे गए शिकायती पत्र में कहा गया है कि कामकाज के सिलसिले में अधिकारियों से मिलने पहुंचने वाले ठेकेदारों को कथित तौर पर अनुचित व्यवहार का सामना करना पड़ता है। इसके अलावा, पूर्ण हो चुके कार्यों के बिल और निर्माणाधीन कार्यों के रनिंग बिलों की फाइलें लंबित रहने से भुगतान में देरी हो रही है। ठेकेदारों का कहना है कि इससे मजदूरी, निर्माण सामग्री और अन्य खर्चों का प्रबंधन प्रभावित होता है।

 

आयुक्त ने दिया जांच का भरोसा

मामले में नगर निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने बताया कि सीएम हेल्पलाइन में शिकायत की गई है और उसके आधार पर जांच जारी है। उन्होंने कहा कि शिकायत सही पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

एसोसिएशन ने चेतावनी दी है कि मांगों पर कार्रवाई नहीं होने पर छत्तीसगढ़ कॉन्ट्रैक्टर एसोसिएशन और नगर निगम कोरबा कॉन्ट्रैक्टर एसोसिएशन संयुक्त रूप से आंदोलन करेंगे। साथ ही शहर में चल रहे निर्माण कार्य बंद करने की बात कही है।

फिलहाल मामला जांच के अधीन है। आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। संबंधित कार्यपालन अभियंता का पक्ष सामने आने के बाद मामले की स्थिति और स्पष्ट होगी।