✍️ भागीरथी यादव
महिला समूह की शिकायत पर पाली पुलिस ने संदिग्ध ठिकानों पर की जांच, शराब बिक्री और सेवन की नहीं हुई पुष्टि
कोरबा/पाली। ग्राम बतरा में अवैध शराब की बिक्री पर रोक लगाने की मांग को लेकर महिला समूह द्वारा पुलिस अधीक्षक कोरबा के समक्ष शिकायत प्रस्तुत की गई थी। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए गांव में जांच अभियान चलाया।

पुलिस अधीक्षक कोरबा के निर्देशन एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस कटघोरा के मार्गदर्शन में थाना पाली की टीम ग्राम बतरा पहुंची। यहां शिकायत में उल्लेखित स्थानों सहित संदिग्ध ठिकानों पर सघन जांच और रेड की कार्रवाई की गई।
इस दौरान पुलिस टीम को मौके पर कोई भी व्यक्ति शराब का सेवन करते अथवा अवैध रूप से शराब बेचते हुए नहीं मिला। जांच के दौरान किसी प्रकार की अवैध शराब या संदिग्ध सामग्री भी बरामद नहीं हुई। इस तरह शिकायत के आधार पर की गई तत्काल जांच में अवैध शराब बिक्री और मद्यपान की पुष्टि नहीं हो सकी।
पुलिस ने ग्राम के गणमान्य नागरिकों एवं महिला समूह के सदस्यों को आश्वस्त किया कि क्षेत्र में अवैध शराब की बिक्री और असामाजिक गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जाएगी। भविष्य में ऐसी किसी भी गतिविधि की सूचना मिलने पर संबंधित लोगों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
