✍️ भागीरथी यादव
दो अलग-अलग दुर्घटनाओं से मचा हड़कंप, ट्रेलर की टक्कर से युवक की गई जान, बाइक-स्कूटी भिड़ंत में पांच घायल
कोरबा। दीपावली के दिन जिले की सड़कों पर हादसों ने त्योहार की खुशियों में खलल डाल दिया। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई दो दुर्घटनाओं में एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि पांच लोग घायल हो गए। घायलों में दो की स्थिति चिंताजनक बताई जा रही है। एक हादसे में तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक सवार को अपनी चपेट में ले लिया, वहीं दूसरे मामले में बाइक और स्कूटी के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई।
भालू मोड़ के पास हुआ जानलेवा हादसा
पहली दुर्घटना कटघोरा-अंबिकापुर मार्ग पर तानाखार से आगे भालू मोड़ के समीप हुई। बताया जा रहा है कि पोड़ी उपरोड़ा की ओर से कटघोरा जा रहा एक युवक बाइक से सफर कर रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रेलर ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद युवक सड़क पर गिर पड़ा और उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद ट्रेलर चालक वाहन लेकर फरार हो गया। मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी है। सूचना मिलने पर कटघोरा और बांगो पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस फरार वाहन की तलाश कर रही है।
रिसदी रोड पर दो वाहनों की भिड़ंत, पांच घायल
दूसरी दुर्घटना मानिकपुर चौकी अंतर्गत रिसदी रोड पर हुई। यहां बाइक और स्कूटी के बीच टक्कर हो गई। हादसे के समय बाइक में तीन युवक और स्कूटी में दो युवक सवार थे। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों वाहनों में सवार सभी पांच युवक घायल हो गए। मौके पर पहुंची 112 की टीम और मानिकपुर चौकी पुलिस ने घायलों को मेडिकल कॉलेज अस्पताल भिजवाया। चिकित्सकों के अनुसार, घायलों में दो की हालत गंभीर बनी हुई है।
दुर्घटनाग्रस्त बाइक पर पुलिस को संदेह
घटना के बाद पुलिस ने मौके पर मौजूद लोगों से जानकारी जुटाई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बाइक काफी तेज गति से चल रही थी। वहीं, दुर्घटनाग्रस्त बाइक के चोरी की होने की आशंका भी जताई जा रही है। पुलिस वाहन के पंजीयन नंबर के आधार पर उसकी जानकारी खंगाल रही है। दोनों मामलों में पुलिस आगे की जांच कर रही है।
