पेमेंट स्लिप, सामाजिक सुरक्षा और एचपीसी दर से भुगतान की मांग; प्रबंधन ने लिखित आश्वासन देकर समाप्त कराया आंदोलन, सीटू ने भी दिया समर्थन
सुशील जायसवाल
रानी अटारी (कोरबा)। एसईसीएल के चिरमिरी क्षेत्र अंतर्गत कोरबा जिले में स्थित रानी अटारी एवं विजय वेस्ट भूमिगत खदान में कार्यरत ठेका मजदूरों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर मंगलवार को किसान सभा के नेतृत्व में जोरदार आंदोलन किया। सुबह 6 बजे से शुरू हुए आंदोलन के दौरान सैकड़ों ठेका श्रमिकों ने खदान का काम बंद कराते हुए कोयला परिवहन भी रोक दिया। इसके चलते करीब सात घंटे तक खदान में उत्पादन और परिवहन पूरी तरह प्रभावित रहा।

ठेका मजदूरों का आरोप है कि उन्हें नियमित रूप से पेमेंट स्लिप, पहचान पत्र, सुरक्षा उपकरण और एचपीसी दर के अनुसार मजदूरी नहीं दी जा रही है। इसके अलावा सामाजिक सुरक्षा और पीएफ से संबंधित जानकारी भी उपलब्ध नहीं कराई जा रही है। इन समस्याओं को लेकर मजदूरों में लंबे समय से नाराजगी थी। आंदोलन को देखते हुए मौके पर पुलिस बल भी तैनात रहा।
सात घंटे तक चले आंदोलन के बाद एसईसीएल चिरमिरी क्षेत्र के महाप्रबंधक ने मजदूरों की मांगों को जायज मानते हुए उनके अधिकारों को सुनिश्चित करने का लिखित आश्वासन दिया। इसके बाद श्रमिकों ने आंदोलन समाप्त किया।
छत्तीसगढ़ किसान सभा के प्रदेश अध्यक्ष प्रशांत झा ने कहा कि कोयला खदानों में ठेका मजदूरों को कम मजदूरी देकर उनका शोषण किया जा रहा है। मजदूरों को पेमेंट स्लिप नहीं मिलने के कारण उन्हें यह जानकारी भी नहीं मिल पाती कि उन्हें कितने दिनों का और किस दर से भुगतान किया गया है। इस संबंध में कई बार शिकायत करने के बावजूद प्रबंधन ने ध्यान नहीं दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि ठेका कंपनियों और प्रबंधन की मिलीभगत के कारण मजदूर अपने अधिकारों से वंचित हो रहे हैं।
वहीं सीटू के प्रदेश अध्यक्ष वीएम मनोहर ने आंदोलन का समर्थन करते हुए कहा कि ठेका श्रमिकों को पहचान पत्र, पेमेंट स्लिप, पीएफ की जानकारी और सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराना उनका अधिकार है। ठेकेदार या एसईसीएल प्रबंधन उन्हें इन अधिकारों से वंचित नहीं कर सकता। उन्होंने चेतावनी दी कि मांगों का समाधान नहीं होने पर आगे और व्यापक आंदोलन किया जाएगा। साथ ही एसईसीएल के सभी क्षेत्रों में ठेका श्रमिकों के अधिकार सुनिश्चित करने की मांग उठाई जाएगी।
किसान सभा के जिला सचिव दीपक साहू एवं दामोदर श्याम ने कहा कि ठेका श्रमिकों का शोषण पूरे एसईसीएल में हो रहा है। इसके खिलाफ रानी अटारी खदान से आंदोलन की शुरुआत की गई है। आने वाले दिनों में पूरे जिले में ठेका मजदूरों के अधिकारों को लेकर आवाज बुलंद की जाएगी।
इन मांगों को लेकर हुआ आंदोलन
ठेका मजदूरों को पहचान पत्र एवं नियमित पेमेंट स्लिप उपलब्ध कराने, समय पर मजदूरी का भुगतान करने, एचपीसी दर के अनुसार वेतन देने, पीएफ की पूरी जानकारी उपलब्ध कराने, गमबूट और सुरक्षा टोपी सहित आवश्यक सुरक्षा उपकरण देने तथा सामाजिक सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग प्रमुख रूप से उठाई गई।
आंदोलन को चिरमिरी क्षेत्र के कोयला श्रमिक संघ (सीटू) ने भी समर्थन दिया। इस दौरान सीटू के रामदास, अरविंद सिंह यादव, मनीष खरे, अजय एवं रथराम सहित किसान सभा के दामोदर श्याम, दीपक साहू, मोहम्मद हुसैन अली, बृजलाल, रामेश्वर कोरचे, रामदेव, बाबूलाल, देव प्रताप, सुरजन, लक्ष्मण, बुद्धि, उजागर, कन्हैया सहित बड़ी संख्या में ठेका श्रमिक मौजूद रहे।
किसान सभा और सीटू नेताओं ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि लिखित आश्वासन के बावजूद यदि मजदूरों को उनके अधिकार नहीं दिए गए और समस्याएं जारी रहीं, तो आने वाले दिनों में और उग्र आंदोलन किया जाएगा।
