✍️ भागीरथी यादव
पीड़िता के नाबालिग होने की जानकारी के बावजूद कराया गर्भपात, साक्ष्य मिटाने के लिए अरपा नदी में फेंकने का आरोप; तोरवा पुलिस ने न्यायिक रिमांड पर भेजा
बिलासपुर। नाबालिग बालिका के साथ यौन शोषण और उसके गर्भवती होने के बाद गर्भपात कराने के गंभीर मामले में अब महिला डॉक्टर की भूमिका भी सामने आई है। तोरवा पुलिस ने नाबालिग का गर्भपात कराने और भ्रूण को साक्ष्य जानते हुए नष्ट करने के आरोप में 43 वर्षीय महिला डॉक्टर सुब्धा मसीह को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, डॉक्टर को पीड़िता के नाबालिग होने की जानकारी थी, इसके बावजूद उसने गर्भपात कराया। इतना ही नहीं, गर्भपात के बाद भ्रूण को महत्वपूर्ण साक्ष्य मानते हुए अरपा नदी में नष्ट करने का भी आरोप है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, इस मामले में बुधवारी निवासी गणेश सोनी (30) पर नाबालिग को शादी का झांसा देकर दिसंबर 2023 से लगातार शारीरिक संबंध बनाने का आरोप है। इसी दौरान बालिका गर्भवती हो गई। आरोप है कि गणेश सोनी ने अस्पताल में महिला डॉक्टर की मदद से उसका गर्भपात कराया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने आरोपियों की पतासाजी और वैधानिक कार्रवाई के निर्देश दिए थे। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल एवं नगर पुलिस अधीक्षक गगन कुमार के मार्गदर्शन में तोरवा पुलिस ने जांच शुरू की। इस प्रकरण में मुख्य आरोपी गणेश सोनी को पहले ही गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जा चुका है।
जांच में डॉक्टर की भूमिका आई सामने
विवेचना के दौरान पुलिस ने गर्भपात कराने वाली महिला डॉक्टर सुब्धा मसीह से पूछताछ की। जांच में डॉक्टर की संलिप्तता से जुड़े महत्वपूर्ण साक्ष्य मिलने की बात सामने आई। पुलिस के अनुसार, डॉक्टर को बालिका की नाबालिग उम्र की जानकारी थी। इसके बावजूद गर्भपात कराया गया। आरोप यह भी है कि गर्भपात के बाद भ्रूण को अरपा नदी में फेंककर नष्ट कर दिया गया तथा नाबालिग के साथ हुए अपराध की जानकारी पुलिस को नहीं दी गई।
पुलिस ने इन आरोपों के संबंध में पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद 13 नवंबर 2026 को सुब्धा मसीह को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी महिला डॉक्टर को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इन धाराओं में दर्ज है मामला
तोरवा थाने में अपराध क्रमांक 551/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 65(1), 351(3), 89, 238, 3(5) तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 4(2), 5(ठ), 6 और 21 के तहत अपराध दर्ज है। मामले की विवेचना जारी है।
