✍️ भागीरथी यादव
बालको प्लांट में फिल्मी अंदाज में चोरी की कोशिश नाकाम, 49 किलो से अधिक कॉपर केबल और औजार जब्त
कोरबा। बालको प्लांट में कॉपर केबल चोरी करने के लिए दो युवकों ने ऐसा तरीका अपनाया, जिसे देखकर सुरक्षा कर्मी भी हैरान रह गए। दोनों आरोपियों ने तांबे के तार को कमर से लेकर छाती तक अपने शरीर पर लपेट लिया और उसके ऊपर कपड़े पहनकर प्लांट से बाहर निकलने की कोशिश की। लेकिन उनकी चालाकी सुरक्षा व्यवस्था के सामने काम नहीं आई। प्रोजेक्ट गेट पर तैनात सुरक्षा कर्मियों की सतर्कता से दोनों पकड़े गए। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 49.280 किलोग्राम कॉपर वायर और चोरी में इस्तेमाल किए गए औजार बरामद किए हैं।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, चोरी की यह घटना 15 नवंबर की रात करीब 10 बजे से 16 नवंबर की सुबह 5 बजे के बीच की है। बालको प्लांट में CH-04 के सामने खुले स्थान पर रखे केबल ड्रम से अज्ञात लोगों ने कॉपर वायर काट लिया था। आरोप है कि पथरीपारा निवासी भीम मल्लाह (23) और भटगांव उपरपारा निवासी नरेश कुमार कंवर (21) ने मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया।
दोनों ने पहले केबल के बाहरी प्लास्टिक कवर को हटाकर अंदर मौजूद तांबे के तार को अलग किया। इसके बाद तार को अपने शरीर पर लपेट लिया और ऊपर से सामान्य कपड़े पहनकर बाहर निकलने लगे। इसी दौरान गेट पर तैनात सुरक्षा कर्मी संदीप श्रीवास्तव और मुकेश बरेठ को उनकी गतिविधियां संदिग्ध लगीं। जांच करने पर शरीर में छिपाकर रखा गया कॉपर वायर सामने आ गया और दोनों को मौके पर ही पकड़ लिया गया।
49 हजार रुपये का कॉपर वायर बरामद
घटना की सूचना मिलने के बाद शिकायतकर्ता मनीष विश्वास की रिपोर्ट पर पुलिस ने जांच शुरू की। आरोपियों के पास से बरामद तार का इलेक्ट्रॉनिक तराजू से वजन कराया गया, जो 49.280 किलोग्राम निकला। इसकी अनुमानित कीमत 49,280 रुपये बताई गई है। चोरी किया गया वायर AIFL कंपनी का है। पुलिस ने घटनास्थल से कटी हुई केबल तथा पास की इमारत की छत से तार का निकाला गया प्लास्टिक कवर भी बरामद किया है। इसके अलावा कटर और हेक्सा ब्लेड जब्त किए गए हैं।
रविवार की छुट्टी को समझा था चोरी का मौका
पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि रविवार को अधिकांश कर्मचारियों के छुट्टी पर रहने की संभावना को देखते हुए उन्होंने चोरी की योजना बनाई थी। आरोप है कि दोनों ने गेट पास कार्ड के जरिए प्लांट में प्रवेश किया और सुनसान जगह देखकर केबल काट ली। इसके बाद तार को कपड़ों के भीतर छिपाकर बाहर ले जाने की कोशिश की, लेकिन सुरक्षा कर्मियों की नजर से बच नहीं सके।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2), 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया है। पूर्व नियोजित चोरी से जुड़े तथ्य सामने आने पर धारा 61(2) भी जोड़ी गई है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। मामले में पुलिस की आगे की जांच जारी है।
