कोरबा: पसान में हाथियों के उत्पात से ग्रामीण परेशान, आज होगी विशेष बैठक

सुशील जयसवाल

 

 

फसल और मकानों को नुकसान से बढ़ा आक्रोश, वन विभाग के अधिकारियों से होगी चर्चा

पसान/कोरबा। कटघोरा वन मंडल के पसान वन परिक्षेत्र में हाथियों के लगातार बढ़ते उत्पात से ग्रामीणों और किसानों की परेशानी बढ़ गई है। पिछले करीब एक सप्ताह से लगभग 50 हाथियों का दल अलग-अलग झुंडों में क्षेत्र के खेतों और रिहायशी इलाकों में विचरण कर रहा है। हाथियों के कारण फसलों को नुकसान पहुंचने के साथ कई मकानों के क्षतिग्रस्त होने की जानकारी सामने आई है। लगातार बनी इस स्थिति से ग्रामीणों में नाराजगी देखी जा रही है।

हाथी प्रभावित ग्रामीणों की समस्याओं और सुरक्षा को लेकर शनिवार दोपहर 12:30 बजे पसान वन परिक्षेत्र कार्यालय में विशेष बैठक आयोजित की गई है। बैठक का नेतृत्व लैंगा क्षेत्र के कांग्रेस यूसुफ खान करेंगे। इसमें प्रभावित गांवों के किसान, ग्रामीण प्रतिनिधि, जनप्रतिनिधि तथा वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी शामिल होंगे।

बैठक में फसल एवं मकान क्षति का उचित आकलन कर मुआवजा दिलाने, हाथियों की निगरानी बढ़ाने तथा प्रशिक्षित हाथी-मितान या विशेष दल की स्थायी तैनाती की मांग रखी जाएगी। इसके अलावा प्रभावित गांवों में टॉर्च, सर्च लाइट और अन्य आवश्यक सुरक्षा सामग्री उपलब्ध कराने तथा हाथियों की गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी की मांग भी उठाई जाएगी।

ग्रामीणों से बैठक में अधिक संख्या में पहुंचकर अपनी समस्याएं रखने की अपील की गई है।